'अगर नोटिस भेजा गया तो ऐसा जवाब दूंगा कि वह लोगों के बीच शक्ल दिखाने लायक नहीं रहेंगे' भूपेंद्र हुड्डा पर अभय चौटाला का तीखा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 02:03 PM (IST)

गोहाना (गोहाना) : इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला नूंह में होने वाली पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती को लेकर गोहाना पहुंचे यहां उन्होंने इनेलो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान अभय चौटाला ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नोटिस वाले बयान पर पलटवार किया।

अभय चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर करारा जवाब दिया, जिसमें हुड्डा ने कहा था कि उन्होंने अभय चौटाला को नोटिस भेज दिया है। अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा को कहो कि वह नोटिस प्रेस के सामने दिखा दें। उन्होंने दावा किया कि उन्हें नोटिस भेजने की हिम्मत नहीं है। अभय चौटाला ने कहा कि अगर उन्हें नोटिस भेजा गया तो वह उसका ऐसा जवाब देंगे कि हुड्डा लोगों के बीच शक्ल दिखाने लायक नहीं रहेंगे।

 वहीं हरियाणा के शिक्षा मंत्री को लेकर की गई टिप्पणी पर ढांडा खाप की ओर से माफी मांगने की मांग पर भी अभय चौटाला ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई भी चार लोग खड़े होकर कुछ भी बोल देते हैं। अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि ऐसे लोग बिके हुए हैं और जाट समाज पर कलंक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उसी खाप और गांव के लोग उनसे मिलने आ रहे हैं।

 नूंह में होने वाली चौधरी देवीलाल जयंती की रैली को लेकर अभय चौटाला ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक जनसभा होगी। 75 एकड़ में पंडाल लगाया जाएगा और दावा किया कि इस पंडाल को महिलाएं ही भर देंगी। अभय चौटाला ने रैली के रिकॉर्ड तोड़ होने का भी दावा किया।

 प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी अभय चौटाला ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का मुख्यमंत्री पंजाब में रहता है और सरकार ने प्रदेश को बदमाशों के हवाले कर दिया है। अब देखना होगा कि अभय चौटाला के इन तीखे बयानों पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और बीजेपी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static