विदेश में जाकर अगर आप पैसा कमाने की सोच रहे हैं तो पहले पढ़ ले ये खबर...
punjabkesari.in Saturday, Dec 28, 2019 - 11:44 AM (IST)
यमुनानगर(ब्यूरो) : संत गढ़ तिलक नगर दिल्ली की डोली अपने पति के साथ शिकायत देने के लिए लघु सचिवालय सी.एम. विंडो पर पहुंची। उसने अमर सिंह पर पति को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायत की कापी डी.एस.पी. हैड क्वार्टर को भी। महिला ने बताया कि अमर सिंह से पति को हांगकांग भेजने की बात हुई थी।
उसने वहां पर माल में 1 लाख रुपए महीना वेतन दिलवाने की बात कही थी। उसकी बातों में आकर उसने साढ़े 3 लाख रुपए ले लिए। 90 हजार रुपए नकद दिए, 1 लाख 90 हजार बैंक के माध्यम से और 70 हजार रुपए बैंकाक में खर्च हो गए। महिला के मुताबिक 1 अगस्त 2019 को वह उनके घर आया। 10 हजार रुपए और पासपोर्ट ले गया। 3 अगस्त को 50 हजार रुपए उसके जानकार अमरप्रीत को बैंक में ट्रांसफर किए।
4 अगस्त को महा लक्ष्मी कंसलटैंट के खाते में 50 हजार रुपए ट्रांसफर गए। 5 अगस्त को उसके जानकार दीपक शर्मा के खाते में ट्रांसफर किए गए। फिर 5 अगस्त को अमनप्रीत के खाते में 50 हजार, 6 अगस्त को अमर सिंह स्वयं 80 हजार रुपए ले गया। 70 हजार रुपए बैंकाक में खर्च हुए। 6 अगस्त को उसके पति अश्विनी मलिक की टिकट भेजी जोकि हांगकांग की बजाए बैंकाक की थी। उन्हें कहा गया कि बैंकाक से ही हांगकांग की फ्लाइट जाएगी। वहां से उसके रिश्तेदार उसे ले लेंगे। उसका पति बैंकाक पहुंच गया।
यहां पर होटल बुक कर लिया। अमर सिंह ने हांगकांग के नाम पर आश्वासन देता रहा। करीब 15 दिन में भी जब उसे हांगकांग न भेजा गया और उसका पति 20 अगस्त को अपने पैसे से टिकट खरीदकर घर आ गया तब उन्हें उनके साथ हुई ठगी का पता चला। महिला ने सी.एम., डी.जी.पी., एस.पी. और डी.सी. को भी शिकायत दी है।