केंद्र और हरियाणा में फिर से बीजेपी की सरकार बनना निश्चित है: रतनलाल

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 07:11 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा की आरक्षित सीट अंबाला से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री वरिष्ठ भाजपा नेता रतनलाल कटारिया ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कई कटाक्ष किए और दावा किया कि केवल केंद्र में ही नहीं, हरियाणा में भी भारतीय जनता पार्टी का फिर से सरकार बनना निश्चित है। उनसे बातचीत के कुछ अंश प्रस्तुत हैं:-

 

प्रश्न:- चुनाव बेहद नजदीक हैं, किन परिणामों की उम्मीद कर रहे हैं ?

उत्तर:- 2024 के चुनाव परिणाम पहले ही सभी को दीवार पर लिखे नजर आ रहे हैं। पिछले 8 साल में भारत के लाल जननायक नरेंद्र मोदी ने जिस प्रकार से हिंदुस्तान को बुलंदियों पर पहुंचाया, हिंदुस्तान के नाम का डंका आज पूरी दुनिया में बज रहा है, सारी दुनिया भारत को सलाम कर रही है, लगातार देश में गरीबों के लिए चलाई गई कल्याणकारी नीतियों से हर वर्ग का उत्थान हुआ है, इसके परिणाम स्वरूप तीसरी बार भी केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का बनना 1 लाख प्रतिशत निश्चित है और होने वाले राज्यों के चुनावों में भी हम डबल इंजन की सरकारों को दोहराएंगे।

 

 

 प्रश्न:- मिशन 2024 में मुकाबला किसके साथ होने की उम्मीद है, कांग्रेस के साथ या फिर तीसरे फ्रंट की संभावनाएं हैं ?

उत्तर:- पिछले 45 साल से मैं लगातार तीसरे फ्रंट की बात सुन रहा हूं, लेकिन आज तक भी तीसरे फ्रंट नाम की चीज दिखाई नहीं दी। तीसरे फ्रंट की बात क्षेत्रीय नेता कहते हैं। मान लें कि ममता बनर्जी आकर हरियाणा में प्रचार करें या फिर नवीन पटनायक पंजाब में प्रचार करें तो इसका कितना असर आप मानते हैं। इससे कोई लाभ नहीं मिलने वाला। इसलिए मुझे नहीं लगता कि तीसरे फ्रंट की बात करना भी कोई उचित है। विरोधी दल के नेता नरेंद्र मोदी को रोज 4- 5 किलो गालियां देकर सोते हैं। जिस प्रकार से यह लोग मोदी के खिलाफ विष उगलते हैं। वैसे- वैसे माननीय नरेंद्र मोदी का स्टेटस अंतर्राष्ट्रीय लेवल पर बढ़ता जा रहा है।

 

 प्रश्न:- केजरीवाल गुजरात- हिमाचल- गोवा समेत सभी प्रदेशों में घूम रहे हैं, इस पर अपने विचार बताएं ?

 उत्तर:- हरियाणा में एक कहावत बहुत मशहूर है कि जहां जहां कदम पड़े संतन के, वहीं हुआ है बंटाधार। केजरीवाल का भी यही हाल होने वाला है।

 

 प्रश्न:- लेकिन पंजाब में तो यह लोग सरकार बनाने में सफल हुए हैं ?

उत्तर:- पंजाब के हालात कुछ और थे। कांग्रेसी बुरी तरह से विभाजित हुई हुई थी। वहां जनता के पास कोई मजबूत विकल्प नहीं था। पुराने समय में अकाली की जो सरकार रही है वैसे हालात अकालियो के भी नहीं रहे। आज सुखबीर के खिलाफ इन्हीं की पार्टी के लोग विद्रोह में खड़े हैं। बड़े बादल साहब के वक्त अकालियो के हालात कुछ और थे। आज अकालियो में भी बहुत भारी फूट है। इसी के चलते केजरीवाल का वहां दांव लग गया।

 

 

 प्रश्न:- मिशन 2024 में मनोहर लाल पार्ट 3 यानि क्या सरकार वापसी होगी ?

 उत्तर:- हरियाणा में मनोहर लाल तीसरी बार सरकार सरकार बनाएंगे। जिस तरह से प्रदेश में उन्होंने केंद्र की हर योजना को लागू किया और पारदर्शी ढंग से सारे सिस्टम को अपडेट किया, ईमानदारी से नौकरियां दी, लोगों के मकान बनाने का मामला हो, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का मामला हो, न्यू एजुकेशन पॉलिसी लागू करने की बात हो, हर खेत को पानी देने के सिस्टम में सुधार की बात हो या फिर मेरी फसल मेरा ब्यौरा जैसा सिस्टम तैयार करने जैसे सफल प्रयोग हरियाणा में हुए हैं। मनोहर लाल ने हर क्षेत्र में आगे बढ़कर काम किया। प्रदेश में आखरी छोर पर बैठे गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं के लाभ पहुंचाने के सिस्टम को तैयार करना एक बेहद मुश्किल काम था। लेकिन हरियाणा की भाजपा की सरकार ने इसे कर दिखाया। बहुत से ऐसे काम जो हरियाणा में शुरू किए, लेकिन पूरे देश में कई राज्यों ने उसे लागू किया, यह एक छोटी उपलब्धि नहीं है। इसी के परिणाम स्वरूप हरियाणा के आम चुनाव के रिजल्ट बड़े सकारात्मक आएंगे।

 

 प्रश्न:- लेकिन उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाने तथा हुड्डा को पूरी ताकत सौंपने के बाद हुड्डा पक्ष के लोग प्रचंड बहुमत लाने का दावा कर रहे हैं ?

उत्तर:- दिल बहलाने के लिए यह ख्याल अच्छा है गालिब। लेकिन यह मात्र दिल बहलाने तक ही सीमित रहेगा। इन बातों से बात बनने वाली नहीं है। कांग्रेस का तो हाल यह है कि दिल के टुकड़े हजार हुए, कोई यहां गिरा- कोई वहां गिरा। हरियाणा में कोई हुड्डा कांग्रेस है, कोई किरण कांग्रेस, कोई शैलजा कांग्रेस, और कोई सुरजेवाला कांग्रेस। पता नहीं कितनी कांग्रेस हरियाणा में काम कर रही है। हरियाणा में अभी भारतीय जनता पार्टी का काफी लंबे समय तक शासन रहने वाला है। जिस तरह की परफॉर्मेंस हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने दी है, इससे जनता के दिलों में मनोहर की सरकार की एक बहुत बड़ी जगह बनी है।

 

 प्रश्न:- पंजाब जीतने के बाद आम आदमी पार्टी का फोकस हरियाणा में बहुत अधिक है ?

उत्तर:- यह लोग आए तो बहुत जोर से थे, लेकिन पंजाब में ही 2 महीने बाद इनकी टाय टाय फिश हो चुकी है। सिमरनजीत मान ने खुद भगवंत मान की सीट छीन कर वहां सांसद पद पर कब्जा किया। इससे जनता के बीच आम आदमी पार्टी का एक गलत संदेश गया है। दूसरी तरफ दिल्ली में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के घोटाले जनता के सामने आए हैं। उससे उनकी रीति नीति साफ नजर आ गई है। अब दिल्ली एमसीडी चुनाव परिणामों से अरविंद केजरीवाल को पता चल जाएगा कि वह कहां खड़े हैं।

 

 

 प्रश्न:- दिल्ली के एक मंत्री की जेल में से कई वीडियो पब्लिश होने का क्रम लगातार जारी है, क्या कहेंगे ?

उत्तर:- इन लोगों ने भ्रष्टाचार के माध्यम से अथाह धन संपत्ति अर्जित की है। उस धन बल के कारण यह कहीं भी पहुंच जाएं, चाहे वह सेंट्रल जेल ही क्यों न हो वहीं अपने काले धन के कारण हर सुविधा उपलब्ध करवाने में पूरी तरह से सक्षम रहते हैं। लोगों को खरीदना इन्हें खूब आता है। 50 करोड़ की मदद से 2-2 मोबाइल फोन और खाना इन्हें जेलों में मिल जाता है। काला धन इनके खूब काम आ रहा है।

 

 प्रश्न:- सांसद बनने से पहले पिंजौर में एचएमटी व सेब मंडी को लेकर किए गए वादों से क्या आप संतुष्ट हैं ?

 उत्तर:- एचएमटी के स्थान पर सेब मंडी का उत्थान किया जाना है। हमने एचएमटी के सभी मामलों को सुलझाया है। कालका में रोजगार के अवसर पैदा करने को लेकर हमने एडवेंचर स्कीम्स मोरनी हिल में लागू की है, जिसके सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। पंचकूला में निफ्ट का पहला बेच निकल चुका है। अंबाला कैंट में कैंसर अस्पताल का निर्माण किया गया है। अंबाला लोकसभा में नेशनल हाईवे का इतना बड़ा जाल बिछाया गया है कि शायद देश की किसी लोकसभा क्षेत्र में ना बिछाया गया हो। पूरे देश में सबसे अधिक विकास मेरे लोकसभा क्षेत्र में हुआ। अंबाला कैंट एक साइंस सिटी है, जिस कारण केंद्रीय सरकार भी इस और काफी कदम उठा रही है। अटल बिहारी के कार्यकाल के दौरान साहा ग्रोथ सेंटर पास हुआ, जिसकी आज जमीन भी कम पड़ रही है। 10 एकड़ पर एक और प्लांट लगाने के लिए सरकार जमीन को एक्वायर कर रही है। इंडस्ट्रीज बहुत तेजी से साह की ओर बढ़ रही है। 

 

 

प्रश्न:- यमुनानगर मे रेलवे लाइन चंडीगढ़- कुरुक्षेत्र को लेकर आपने क्या कदम उठाए ?

उत्तर:- यमुनानगर से करनाल के रेलवे लाइन के लिए ना केवल स्वीकृति मिल गई है, बल्कि इसके लिए पैसा भी स्वीकृत हो चुका है। दो ही दिन पहले हुई रेल मंत्री से मुलाकात में यमुनानगर-चंडीगढ़ बारे विस्तार से बातचीत हुई है। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन को इंटरनेशनल स्तर पर बनाए जाने पर भी सहमति हुई है। गत 16 को उत्तर भारत के सांसदों की बैठक में रेलवे विभाग के जीएम के सामने सभी सांसदों की तरह हमने भी अपने अपने क्षेत्र की बात रखी थी।चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए 450 करोड़ की लागत लगाई जाएगी। 1999 में जब मैं अटल बिहारी वाजपेई के समय जब सांसद बना तो प्रदेश के मुख्यमंत्री ओपी चौटाला थे और रेल मंत्री ममता बनर्जी, मैं उन्हें पंचकूला लेकर आया था और पंचकूला में पड़ी 9 एकड़ जमीन को लेकर मैंने एक मेमोरेंडम दिया था। मैंने फिर से सीएम को वह मेमोरेंडम दिया है। रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को खड़ा करने पर हम लगातार काम कर रहे हैं। 1 लाख मीट्रिक टन के सिलोस रेलवे स्टेशन के साथ दोहरी लाइन केवल गुड्स भेजने के लिए बन रही है। मेरी लोकसभा कलानौर से पंजाब तक का कुछ हिस्सा आ रहा है। चार-पांच दिन पहले गुड़गांव में प्रदेश के सभी सांसदों की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में सभी सांसदों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्र की बात की। क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास हो सके इसके लिए 7 तारीख को होने वाले लोकसभा सत्र में भी बहुत से मुद्दों को उठाएंगे।

 

 प्रश्न:- बचे हुए 2 साल के कार्यकाल में आपके क्या-क्या टारगेट रहेंगे ?

 उत्तर:- 2019 के चुनावों में 10 अप्रैल को वोट पड़ी थी और उससे दो-तीन महीने पहले ही आचार संहिता लग जाती है। उस दृष्टि से हमारे पास मात्र 1 साल 2 महीने ही शेष बचे हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिल रहे हैं। हमें अपने द्वारा तैयार किया गया रोड मैप भी उनके सामने रखा है। हम सभी चीजों के इंप्लीमेंटेशन को लेकर सभी मंत्रालयों से मिलकर भरपूर कोशिश करेंगे, ताकि एनडीए सरकार के 10 वर्षों का भरपूर लाभ जनता को मिल सके।

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static