बिना हाथ लगाए 18 घंटे तक कान हिलाने वाले जगदीश मलिक के रिकॉर्ड को 25 साल पूरे, मेडिटेशन का नतीजा है यह अनोखा हुनर

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 08:04 PM (IST)

समालखा(विनोद लाहोट): समालखा के निवासी जगदीश मलिक ने अपने अनोखे हुनर बिना हाथ लगाए लगातार दोनों कान हिलाने—के लिए बनाए गए रिकॉर्ड के 25 वर्ष पूरे होने पर सिल्वर जुबली मनाई। इस अवसर पर उन्होंने अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को साझा किया।

जगदीश मलिक ने बताया कि 25 जून 2001 को समालखा अनाज मंडी स्थित एसडीएम कार्यालय में तत्कालीन एसडीएम बिजेंद्र सिंह तथा मीडिया कर्मियों की मौजूदगी में उन्होंने बिना हाथ लगाए लगातार 18 घंटे तक दोनों कान हिलाने का कीर्तिमान स्थापित किया था। इस उपलब्धि को बाद में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।
उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का अभ्यास, अनुशासन और मेडिटेशन रहा है। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने अपने इस अनोखे कौशल को और निखारा तथा इसी समर्पण ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।

जगदीश मलिक ने बताया कि उनके इस रिकॉर्ड को देखते हुए 31 देशों से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय संगठन ने उन्हें 25 दिसंबर 2025 को दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनका सफर अभी थमा नहीं है। वह भविष्य में भी कुछ नया और बड़ा करने की तैयारी कर रहे हैं तथा एक और नया कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य लेकर अभ्यास कर रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static