हाथरस में लाठीचार्ज के बाद पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह के पौत्र को हरियाणा में भी मिल रहा जन समर्थन

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2020 - 04:38 PM (IST)

पानीपत (सुरजीत): उत्तर प्रदेश के हाथरस में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज की उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा में भी आलोचना की जा रही है। हरियाणा के कई बड़े नेताओं ने भी जयंत चौधरी को घेरकर लाठीचार्ज की निंदा की है।

गौरतलब है कि हाथरस मामले में संवेदना व्यक्त करने के लिए कई दिन पहले देश के पूर्व प्रधानमंत्री व किसान हितैषी चौधरी चरण सिंह के पौत्र, अजीत सिंह के बेटे जयंत चौधरी अपने समर्थकों के साथ हाथरस में गए हुए थे। मीडिया के साथ बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस ने जयंत चौधरी समर्थकों पर जमकर लाठियां चलाई। जयंत चौधरी पर भी लाठियों से हमला किया गया लेकिन समर्थकों ने उन्हें चारों ओर से ढक लिया। इसकी लाइव कवरेज हो रही थी तभी से सोशल मीडिया पर जमकर इसकी आलोचना हो रही है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व इनेलो के वरिष्ठ नेता विधायक अभय सिंह चौटाला जयंत चौधरी पर हमले की आलोचना कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश की यमुना बेल्ट व हरियाणा में किसानों की नाराजगी बढ़ते देख भाजपा के उत्तर प्रदेश से सांसद व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज को गलत करार दे चुके हैं।

इस मुद्दे को लेकर मुजफ्फरनगर में 8 अक्टूबर को किसान सम्मेलन भी हो रहा है, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर किसान नेता भाग लेंगे। हरियाणा के कई जिलों के चरण सिंह समर्थक व किसान हितैषी भी इसमें भाग ले सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन ने भी जयंत चौधरी पर लाठीचार्ज की आलोचना की है। 

हरियाणा के साथ लगते पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 70 से ज्यादा सीटों पर चरण सिंह समर्थक चुनाव में समीकरण बिगाडऩे का काम करते हैं। वहीं वही उत्तर प्रदेश के साथ लगती हरियाणा की कुछ सीटों पर भी इनका असर रहता है। इससे लगता है कि चौधरी के प्रति उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा में भी सहानुभूति बढ़ती जा रही है और किसान वर्ग भाजपा से नाराज होता जा रहा है, जिसका आने वाले दिनों में खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static