मंत्री बनने के बाद पहले इंटरव्यू में बोले डॉ. कमल गुप्ता- 'HPSC के भ्रष्ट अधिकारी पर हुई कार्रवाई से समझ जाएं'

punjabkesari.in Thursday, Dec 30, 2021 - 09:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में शामिल किए गए विधायक डॉक्टर कमल गुप्ता को मिले महत्वपूर्ण विभागों को लेकर उनकी कार्यप्रणाली क्या रहेगी? किस प्रकार से भ्रष्टाचार में लिप्त नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में कंट्रोल किया जाएगा? किस प्रकार से इन विभागों में आए दिन होने वाली हड़तालो पर रोक लगाई जाएगी? इन महत्वपूर्ण प्रश्नों को लेकर पंजाब केसरी के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर धरणी ने डॉक्टर कमल गुप्ता से महत्वपूर्ण बातचीत की। साथ ही साथ आम गरीब आदमी को किस प्रकार से छत मुहैया करवाने की नीति पर स्पीड बढ़ाई जाएगी? इन सभी बातों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। जिसके कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं :-

प्रश्न:- मंत्रिमंडल विस्तार में आपकी जगह बनी। महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। आपकी क्या प्राथमिकता रहेंगी?
उत्तर:- कल शाम ही विभाग दिए जाने की घोषणा की गई है। मैंने दोनों विभागों के सीनियर अधिकारियों के साथ बातचीत की है। जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग लेना भी तय कर दिया है। हमारी प्राथमिकता सबसे पहली यह रहेगी कि हर व्यक्ति का काम समय पर हो और साथ ही साथ हमारे कर्मचारियों की समस्याओं का भी निदान हम प्राथमिकताओं के आधार पर करेंगे। जो भी अधिकारी- कर्मचारी जनता को परेशान करने की नियत रखेगा उसके खिलाफ सख्त एक्शन भी लेने का काम किया जाएगा। किसी कर्मचारी का व्यक्तिगत दुख हमारा दुख होगा और जनता को दुखी करने वाला अधिकारी हमारी नजर में हमारा नहीं होगा। हम दोनों विभागों में कई बड़े बदलाव करेंगे। हरियाणा को स्वच्छ और सुंदर बनाने की तरफ ध्यान दिया जाएगा। हमारी पार्टी के प्रधान रहे दीनदयाल उपाध्याय चाहते थे कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सुविधाओं का लाभ मिले। कोई भी व्यक्ति वंचित ना रहे। उस नीति पर हम आगे बढ़ेंगे। हाउसिंग फॉर ऑल पर स्पीड से काम किया जाएगा। हर व्यक्ति को रहने के लिए छत दी जाएगी हमारी यह सोच रहेगी। जल्द ही इस पर योजना बनाई जाएगी।

प्रश्न:-  देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आप पर एक बड़ा भरोसा जताया है। इसलिए यह चुनौतियां भी बड़ी है ?
उत्तर:- देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा जो भरोसा मुझ पर किया गया है मैं उनके विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।

प्रश्न:- आपके स्थानीय निकाय विभाग में कर्मचारियों का विरोध देखने को मिलता है। इस पर कैसे काबू पाएंगे?
 उत्तर:- मैंने कल शाम विभाग की घोषणा होते ही प्रदेश के प्रिंसिपल सेक्रेट्री और अन्य सीनियर अधिकारियों से बातचीत कर ली है। जल्द ही मीटिंग भी की जाएगी और सारा रोडमैप तैयार करते हुए आगे बढ़ेंगे। कर्मचारियों की समस्या हमारी समस्या है। जायज समस्या का अवश्य निदान होगा।

प्रश्न:- हरियाणा पब्लिक सर्विस कमिशन को लेकर कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार पर काफी मुखर है। इस पर आपकी टिप्पणी क्या है ?
 उत्तर:- छाज तो बोले ही बोले छलनी भी बोले जिसमें 36 छेद है। वह अपना समय भूल गए। उनके समय में नौकरियां बाजारों में बिकी। उनके समय में लगी नौकरियां हाई कोर्ट को रिजेक्ट करनी पड़ी। उनके समय में लगे कर्मचारी आज बेरोजगार हो गए। जिसका ठीकरा भाजपा सरकार पर फोड़ा जा रहा है। हमारे समय में यह घटना सामने आई और तुरंत प्रभाव से संबंधित अधिकारी को डिस्मिस करने का एक बड़ा काम किया। यह हरियाणा के इतिहास में पहला ऐसा फैसला होगा।

प्रश्न:- घरौंडा विधायक हरविंदर कल्याण ने विधानसभा सत्र में पुराने समय से लगी भाई भतीजावाद की नौकरियों के लिए श्वेत पत्र लाने की मांग की है। इस पर क्या आप सहमत हैं ?
उत्तर:- जनता ने यह नजारा देखा, इसीलिए ही कांग्रेस पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया। इनके समय में कितने काले कारनामे किए गए। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा हजारों करोड़ के घोटाले किए गए। सीएलयू के नाम पर हजारों करोड़ रुपए विधायकों-मंत्रियों ने अंदर कर लिए। हमारे पास बहुत ही लिस्टे हैं। हरियाणा के इतिहास में सबसे तुरंत फैसला भाजपा सरकार कर रही है। हेरा फेरी का कोई भी मामला सामने आने पर कड़ा संज्ञान लिया जाता है और एक्शन किया जाता है। कांग्रेस टाइम में आर्ट टीचर, ड्राइंग टीचर, पीटीआई भर्ती में बड़े-बड़े घोटाले हुए। 7000 से अधिक लोगों की जिंदगी खराब हुई। उसकी जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी है।

प्रश्न:- स्थानीय निकाय विभाग में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। इसे कैसे कंट्रोल किया जाएगा ?
उत्तर:- भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में बहुत सी योजनाएं - सेवाएं जनता को बिना भेदभाव के देने का काम किया। आज चाहे सरकारी नौकरी देने की बात हो, ट्रांसफर करने के तरीके में किए गए बदलाव की बात हो सभी काम सराहनीय है। आज नगर निकाय विभाग के बहुत से काम बिना दफ्तर जाए सरकार के पोर्टल के माध्यम से करवाए जा सकते हैं। जन्म - मृत्यु प्रमाण पत्र लेने के लिए कई कई दिनों तक धक्के खाने के बावजूद काम नहीं होते थे। आज सीएससी पर 10 -20 रुपए खर्च से ही प्रमाण पत्र मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। लोगों को अभी तक पूरी जानकारी ना होने के कारण हो सकता है कि लाभ ना मिल रहा हो। लेकिन प्रदेश सरकार जनता के हित में तरह-तरह के नए - नए फैसले कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा 1971 में बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया गया। लेकिन 2014 तक केवल ढाई करोड़ ही खाते खुल सके। लेकिन जन धन योजना के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री ने आज 34 करोड़ लोगों के बैंक अकाउंट खुलवा कर बैंकों से जोडऩे का काम किया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि ऊपर से चला हुआ विकास के लिए 1 रुपया जनता तक केवल 15 पैसे ही पहुंच पाते हैं। लेकिन आज ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थी तक पूरा का पूरा 1 रुपया पहुंच रहा है। यह भारतीय जनता पार्टी की सोच है।

प्रश्न:- भ्रष्ट अधिकारियों पर नकेल कैसे कसी जाएगी ?
उत्तर:- एचपीएससी मामले से सभी भ्रष्ट अधिकारी समझ गए होंगे। जिसका प्रचार मीडिया ने भी खूब किया। एक समझदार व्यक्ति के लिए इतना काफी होगा। जो नहीं समझा होगा उसे समझा दिया जाएगा।

प्रश्न:- हरियाणा में ऐतिहासिक, औद्योगिक और धार्मिक काफी नगरियां हैं। उनके लिए क्या आपकी कुछ योजनाएं हैं ?
उत्तर:- इस देश के इतिहास में ग्यारह सौ वर्षो से पृथ्वीराज चौहान जैसे धुरंधर योद्धा हुए। जिन्होंने सैकड़ों युद्ध जीते। लेकिन कुछ जयचंदो के कारण वह अंत में हार गए। 1857 में स्वतंत्रता संग्राम हुआ। महारानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर सरदार भगत सिंह जैसे अनेकों क्रांतिकारी जन्मे। इतना स्वर्णिम इतिहास होने के बावजूद लगातार हमारे इतिहास में गिरावट आ रही थी। मंदिर तोड़े जा रहे थे। दूसरे देश से आए बाबर ने हमारे देश में मंदिर तोड़े और फिर से कुछ समय पहले से ही यह इतिहास दोहराया जा रहा था। आज उन मंदिरों को बनाया जा रहा है। मसला राम मंदिर का ही नहीं बात स्वाभिमान की है। धारा 370 तोडऩे का काम किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल ने एक कलम से 562 रियासतों को एक किया। लेकिन उन्हें कोई याद नहीं कर रहा था। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने गुजरात में एक स्टैचू ऑफ यूनिटी बनाकर उनका सम्मान बढ़ाने का काम किया। हर किसान के घर से लोहा इक_ा करके इस स्टैचू में लगवाया और देश के किसान का गौरव बढ़ाया। यह भाजपा की सोच और नीति है जिसे बरकरार रखते हुए हम आगे बढ़ेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static