हरियाणा में BJP उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाएगा किसान मोर्चा

punjabkesari.in Thursday, May 09, 2024 - 06:11 PM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी):  हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों को जिताने के लिए भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ता जहां गांव दर गांव जाकर पार्टी उम्मीदवारों के हक में चुनाव प्रचार को गति प्रदान करेंगे, वहीं ऐसे लोगों को समझाने का काम किया जाएगा, जो कांग्रेस, इनेलो और जेजेपी के दबाव में आकर भाजपा उम्मीदवारों की राह में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

भाजपा किसान मोर्चा की ओर से लोगों के बीच तमाम उन कार्यों को लेकर जाया जाएगा, जो केंद्र की मोदी और हरियाणा की मनोर लाल व नायब सिंह सैनी की सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए किए हैं। 

भाजपा किसान मोर्चा के प्रधान अमित अहलावत डीघल के अनुसार प्रत्येक लोकसभावार ऐसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है, जो गांवों में जाकर केंद्र व राज्य सरकार के किसान कल्याण के फैसलों की जानकारी देंगे तथा गांवों के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए कामों का रिपोर्ट कार्ड लोगों को सौंपेंगे। इसके लिए हाल ही में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुखविंद्र श्योराण मांढी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूरी कार्य योजना तैयार कर ली गई है। 

अमित अहलावत डीघल ने बताया कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार डा. अरविंद शर्मा के पक्ष में पूरी तरह से माहौल बना हुआ है। इस बार साल 2019 में मिले मतों के मुकाबले कई गुणा अधिक वोटों से डा. अरविंद शर्मा चुनाव जीतने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यही स्थिति करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को लेकर है, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीतने वाले हैं। अमित डीघल स्वयं बेरी विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार की नीतियों का लोगों पर जादू चढ़ा हुआ है, जिसका नतीजा सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत के रूप में सामने आने वाला है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static