कांसाबेला सोसाइटी के फ्लैट में गिरा प्लास्टर का बड़ा हिस्सा
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 01:49 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-82 स्थित मैपस्को कासाबेला सोसाइटी के सी टावर के ग्राउंड फ्लोर पर बने फ्लैट में सोमवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा उस वक्त कमरे में गिर गया जब यहां कोई नहीं था। इस प्लास्टर की चपेट में बच्चे की स्टडी टेबल के साथ ही उसके खिलोने भी आ गए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिस फ्लैट में यह हादसा हुआ वहां शुभम दुआ अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिस कमरे में प्लास्टर गिरा, उसमें बच्चे की कार, स्टडी टेबल के अलावा जिम का सामान है। बच्चे का अक्सर खेलने और पढ़ने के लिए इस कमरे में आना-जाना होता है। देर शाम को जोरदार आवाज सुनकर जब शुभम व उनकी पत्नी कमरे में पहुंचे तो यह नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना उन्होंने मेंटीनेंस एजेंसी को भी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस हादसे के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। आरडब्ल्यूए के पूर्व प्रधान के मुताबिक इस सोसाइटी में कई कमियां हैं। बिल्डर इसे ठीक नहीं कर रहा है। डीटीपीई भी शायद किसी बड़े हादसे के इंतजार में है।