लाॅकडाउन: जब बिना मेहनत मिलने लगी राेटी, ताे कबाड़ी काे बेचने लगे लाेग, VIDEO वायरल

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2020 - 08:57 PM (IST)

सिरसा(सतनाम): कोरोना वायरस के चलते पूरी देश लाॅकडाउन है। इस संकट की घड़ी में कई संस्थाएं जरूरतमंद लोगों को भोजन की व्यवस्था करवा रही हैं। इस बीच सिरसा से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमे दिखाया जा रहा है कि कैसे रोटी का अपमान किया जा रहा है।

इस वीडियो की जब पड़ताल की तो पाया कि ये वीडियो शहर की एक सामाजिक संस्था से जुड़े लोगों ने बनाई है, जो खुद जरूरतमंद लोगों को भोजन मुहैया करवाते है।

वीडियो बनाने वाले शख्स संदीप सैनी ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जबसे लॉकडाउन हुआ तभी से उनकी संस्था भी दूसरी संस्थाओ की तरह गरीब व जरुरतमंद लोगों को खाना मुहैया करवा रहे थे, लेकिन पिछले दो तीन दिन से उन्होंने ने देखा कि जो खाना संस्थाएं लोगों का पेट भरने के लिए उन्हें पहुंचा रही है, उसका दुरुपयोग हो रहा है। रोटी को कबाड़ी को बेचा जा रहा है।

संदीप ने कहा कि इसी को लेकर उन्होंने एक वीडियो बनाया, जिसमें कबाड़ी की साइकल पर दो बोरी रोटी से भरी हुई थी, जो बेची गई थी। जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल किया कि किस तरह से अन्न की बर्बादी की जा रही है। सैनी ने बताया कि ये भी देखने में आया है कि जिस संस्था की सब्जी उन्हें पसंद आती थी उसे वह खा लेते थे, जबकि बाकि फेंक देते थे। इसी को देखते हुए उनकी संस्था ने खाना बनाना ही बंद कर दिया है। 

वहीं रेखा मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव राज कुमार शर्मा ने भी इस तरह रोटी की बर्बादी पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी संस्था द्वारा भी 28 मार्च से जरुरत मंद लोगों को सुबह शाम खाना पहुंचाया जा रहा है, लेकिन जब से सोशल मीडिया पर ये रोटी की बर्बादी वीडियो उन्होंने देखा है आश्चर्य हुआ है।

राज कुमार का कहना है कि लोगो को ऐसा नहीं करना चाहिए। अन्न को वे भगवान मानते है। उन्हाेंने कहा कि जिला प्रशाशन सभी संस्थाओ की मीटिंग बुलाकर उन्हें एरिया अलाॅट करे। ताकि जरुरत मंद तक खाना पहुंचे।

उधर, वायरल वीडियो के बारे जब सिरसा के SDM जयवीर यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सभी सामाजिक संस्थाए ये सुनिश्चित करें कि जरुरत मंद लोगों तक ही खाना पहुंचे। उन्हाेंने लोगों से भी अपील है कि जितना खाना हो, उतना ही खाना  लें, खाने की बर्बादी न करें। यादव ने कहा कि यदि कोई खाना वेस्ट करता पाया गया ताे उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static