चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा, महाराष्ट्र के युवक की मौके पर मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 08:36 AM (IST)

समालखा (विनोद लाहोट) : समालखा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में महाराष्ट्र निवासी 34 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक प्लेटफॉर्म पर पानी पीने के बाद दिल्ली-पानीपत ईएमयू सवारी गाड़ी में वापस चढ़ने का प्रयास कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पानीपत जा रही ईएमयू ट्रेन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। ट्रेन में सवार विजय (34) निवासी महाराष्ट्र पानी पीने के लिए नीचे उतरा था। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विजय ने दौड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह फिसल गया और प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंस गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेन चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी। यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जीआरपी चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। 

मृतक की पहचान विजय (34) निवासी महाराष्ट्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विजय अपने रिश्तेदारों के साथ दिल्ली, चंडीगढ़ तथा अन्य रेलवे स्टेशनों पर घूम-घूमकर गुब्बारे, खिलौने और अन्य सामान बेचने का काम करता था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static