3 महीने के बच्चे की मां के साथ गैंगरेप का मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, बहला-फुसलाकर ले गया था मथुरा
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 09:57 AM (IST)
यमुनानगर : महिला के साथ गैंगरेप के गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार 26 अगस्त 2025 को महिला अपने 3 माह के बच्चे के साथ घर से लापता हो गई थी जिस पर उसके पति ने गांधीनगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था। 31 अगस्त को पुलिस ने महिला को आरोपी हर्ष के कब्जे से बरामद कर मायके पक्ष को सौंप दिया। बाद में 24 सितम्बर को ससुराल लौटने पर पीड़िता ने खुलासा किया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर मथुरा ले गया जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया। घटना के समय बच्चा भी आरोपियों के कब्जे में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एस.आई.टी. का गठन कर जांच तेज की और संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। मैडीकल जांच व बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी हर्ष को घरौंडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ करेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)