Haryana में रिश्वतखोरी पर बड़ा वार; विजिलेंस ने HKRN में नौकरी लगवाने के नाम पर घूस मांगने वाला आरोपी पकड़ा
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 09:20 PM (IST)
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी में राज्य चौकसी ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस विभाग का कर्मचारी बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ₹2 लाख की रिश्वत मांगने वाले आरोपी को ₹50 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक महिला को चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपी की पहचान ऐलनाबाद के गांव मिठनपुरा निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है।
राज्य चौकसी ब्यूरो जींद के निरीक्षक महेंद्र कुमार के अनुसार, आरोपी राजेंद्र ने महिला को बताया था कि वह सरकारी अधिकारी है और HKRN से जुड़े अधिकारियों से उसकी अच्छी जान-पहचान है। आरोपी ने इसी प्रभाव का हवाला देते हुए महिला को चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी में HKRN के तहत नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके बदले ₹2 लाख में नौकरी की डील तय की गई थी, जिसमें ₹50 हजार एडवांस देने की बात हुई।
महिला ने मामले की शिकायत राज्य चौकसी ब्यूरो के टोल फ्री नंबर पर की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने महिला को ₹50 हजार की रकम दी, जिसमें ₹500 के 100 नोट शामिल थे। इन नोटों पर विशेष पाउडर लगाया गया था।
बुधवार को हांसी बस स्टैंड के सामने आरोपी राजेंद्र ने जैसे ही महिला से ₹50 हजार की रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से तैयार राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
निरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेंद्र ने एक अन्य व्यक्ति से भी HKRN के तहत नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए हैं। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। विजिलेंस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर कितने लोगों से पैसे लिए हैं और इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
निरीक्षक महेंद्र कुमार ने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है अथवा कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी या HKRN के तहत नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत राज्य चौकसी ब्यूरो को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी और शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)