कार चालक ने बेजुबान को कुचला, केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 09:07 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): डीएलएफ फेज-3 के यू ब्लॉक में तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क किनारे सो रहे एक कुत्ते को कुचल दिया। घटना इतनी वीभत्स थी कि कुत्ते का पिछला हिस्सा पूरी तरह से चलने लायक नहीं बचा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में डीएलएफ फेज-तीन थाने में मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, घटना 10 अप्रैल की दोपहर लगभग 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि सफेद रंग की कार के चालक ने लापरवाही से कार को दाईं ओर मोड़कर किनारे सो रहे कुत्ते पर चढ़ा दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बेजुबान दो दिनों तक लापता रही और आखिरकार 12 अप्रैल को वह मौलसरी रोड पर एक निर्माणधीन इमारत के गड्ढे में लाचार हालत में तड़पती हुआ मिला।
पशु कल्याण संस्था वॉक फॉर एनिमल्स एंड हैबिटेट के अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अमित सिंह ने इस मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने बताया, बेजुबान का वैक्सीनेशन और नसबंदी हो चुकी थी, वह शांत स्वभाव की थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार चालक उसे बचा सकता था, लेकिन उसने जानबूझकर गाड़ी उसके ऊपर चढ़ाई। घायल को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पैर काटने की सलाह दी थी। उसके बाद उसे दिल्ली के एक स्थित विशेषज्ञ डॉ के पास ले जाया गया। सफल सर्जरी के बाद बेजुबान का पैर कटने से बच गया है, हालांकि वह अभी भी अस्पताल में रिकवरी मोड पर है।