किल्लत के बीच LPG सिलेंडर बना मौत की वजह, जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:24 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): आपसी कलह के चलते एक पति ने पत्नी पर सिलेंडर से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद आरोपी कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए बजघेडा थाने में मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मंगलवार को साहिब कुंज चौमा फाटक के पास एक मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि कमरे में महिला का शव खून से लथपथ हालत में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि 20 मार्च को बिहार निवासी 22 वर्षीय सुनील को कमरा किराए पर दिया था। सुनील के साथ उसकी पत्नी गुंजन भी रहती थी। 23 मार्च की रात सुनील और गुंजन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर सुनील ने पास रखे गैस सिलेंडर से गुंजन के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए 26 मार्च को आरोपी सुनील को गुरुग्राम से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था और उस रात भी कहासुनी इतनी बढ़ गई कि उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दे दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने सिलेंडर से वार कर हत्या की बात कबूल की है। मामले में गहनता से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।