स्कॉर्पियो में आए युवकों ने CNG पंप कर्मी को बेरहमी से पीटा, बेहोश होने पर आरोपी हुए फरार
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 02:44 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना के पलवल रोड स्थित एक सीएनजी पंप पर पुरानी रंजिश या आपसी कहासुनी के चलते खूनी झड़प हो गई। अपने सहकर्मी दोस्त को पीटने की जानकारी मिलने पर उसे बचाने पहुंचे तुरफेल पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे जमीन पर गिराकर सिर और पसलियों पर इतनी बेरहमी से वार किए कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सिटी सोहना थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शिकायतकर्ता तुरफेल ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी को उसके पास सांचौली निवासी साजिद का फोन आया। साजिद ने घबराते हुए कहा कि पलवल रोड स्थित सीएनजी पंप पर कुछ लोग उसे मार रहे हैं। जब तुरफेल मौके पर पहुंचा, तो देखा कि साजिद खून से लथपथ था और उसके कपड़े फटे हुए थे। इससे पहले कि तुरफेल कुछ समझ पाता, दो गाड़ियों एक काली ब्रेजा और एक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए आधा दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल सोहना में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तुरफेल के शरीर पर चार गंभीर चोटें और साजिद पर एक गहरी चोट के निशान मिले हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र कर दिया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हमले की पुष्टि हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है और गाड़ियों के नंबरों के जरिए उनके मालिकों का पता लगाया जा रहा है।