मोबाइल हैक करने के संदेह में दोस्त को उतारा मौत के घाट, दो गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 08:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मोबाइल हैक करने के संदेह में दोस्त को चाकू से गला काटकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। घटना 13 अगस्त को राजीव नगर एरिया में हुई। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच करते हुए दो आरोपियों को नवादा बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान केशव (उम्र 30 वर्ष) निवासी गांव कुहीला, जिला नवादा (बिहार) तथा राहुल (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव कनिकोंड, जिला कोडरमा (झारखंड) के रूप में हुई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक मकान के नक्शे बनाने के साथ-साथ गार्ड की नौकरी भी करता था। आरोपी भी नक्शा बनाने का कार्य करते थे, जिसके चलते दोनों पक्षों की पूर्व से जान-पहचान एवं व्यावसायिक संपर्क था। मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी का मोबाइल फोन हैक होने के कारण आरोपियों को मृतक पर फोन हैक करने का संदेह था। घटना के दिन आरोपी और मृतक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ईमेल आईडी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा उक्त वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों को 21 अगस्त को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
आपको बता दें कि 13 अगस्त को सेक्टर-14 थाना पुलिस को ईस्ट राजीव नगर एरिया में एक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में एक व्यक्ति का शव बेड पर पड़ा हुआ था, जिसका गला कटा हुआ था। मृतक की पहचान सुजीत कुमार खानवर निवासी जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मकान मालिक ने शिकायत में बताया कि उसने मकान की दूसरी मंजिल पर एक कमरा केशव व एक अन्य व्यक्ति को किराए पर दिया हुआ था। 12 अगस्त को केशव अपने अन्य साथियों के साथ कमरे पर मौजूद था। 13 अगस्त को मकान मालिक बिजली बिल लेने के लिए कमरे पर गया, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा खोलकर देखने पर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला, जिसका गला कटा हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।