अवैध संबंधों का राज खुला तो लिव-इन पार्टनर के प्रेमी ने कर दी डिलीवरी बॉय की हत्या
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 10:24 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-53 थाना एरिया की बंजारा मार्केट की झुग्गी के संदूक में डिलीवरी बॉय की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान जिनकी पहचान बिहार के सहरसा निवासी मोहम्मद मिराज और मुजफ्फरपुर निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई। दोनों आरोपी करीब 20 साल के हैं और बंजारा मार्केट के पास ही रहते हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक तौर की पूछताछ में सामने आया कि मृतक डिलीवरी बॉय की लिव इन पार्टनर का आरोपी सोनू कुमार से प्यार हो गया था। दोनों के बीच अवैध संबंध हो गए जिसके बारे में मृतक डिलीवरी बॉय अमन को पता लग गया। ऐसे में आरोपी सोनू को डर था कि अमन उसे मारेगा। इससे पहले ही उसने अमन को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और अपने साथी मोहम्मद मिराज के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। एक आरोपी ने उसके पैर पकड़े तो दूसरे ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और उसके शव को संदूक में बंद कर दिया था।
दरअसल, 26 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि बंजारा मार्केट की झुग्गी में मर्डर हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस को एक लोहे के संदूक में 24 वर्षीय युवक का शव मिला। जिसकी पहचान बिहार के सहरसा निवासी अमन के रूप में हुई। पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। शव पुराना लग रहा था। मृतक के भाई ने बताया कि अमन बंजारा मार्केट की झुग्गी में सुनीता नाम की महिला के साथ रहता था। सुनीता ने ही उसे फोन करके बताया था कि अमन को मारकर संदूक में बंद कर दिया है। मौके पर पहुंचने पर झुग्गी से दुर्गंध आ रही थी और संदूक में अमन का शव मिला। पुलिस ने केस दर्ज कार्रवाई शुरु कर दी। मामले में सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू कर लिया। वहीं पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप का कहना है कि मामले में मृतक की लिव इन पार्टनर सुनीता से भी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान सुनीता की भूमिका भी इस हत्याकांड में निकलती है तो उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।