मामूली कहासुनी के बाद पत्नी को मारपीट के बाद छत से फेंका, मौत
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 05:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): आपसी कहासुनी के बाद पत्नी को छत्त से धक्का देकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ आकाश (उम्र-30 वर्ष) निवासी साधु नगर, जिला मेरठ, उत्तर-प्रदेश के रूप में हुई। वर्तमान में आरोपी अपनी पत्नी पल्लवी यादव के साथ आचार्य पुरी में रह रहा था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि मृतका पल्लवी यादव तथा आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ आकाश का विवाह दिसंबर 2024 में हुआ था। दोनों गुरुग्राम में अलग-अलग प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करते थे। 7 अक्टूबर की रात को पारिवारिक विवाद के चलते आपसी कहासुनी होने पर आरोपी ने पल्लवी के साथ मारपीट की और उसे बालकनी से नीचे फर्श पर धक्का दे दिया, पल्लवी के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
आपको बता दें कि 8 अक्टूबर को सेक्टर-14 थाना पुलिस को एक महिला के छत से गिरकर घायल होने पर सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल अस्पताल ले गए जहां से उसकी हालत को देखते हुए फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किए जाने की सूचना मिली थी। फोर्टिस अस्पताल पहुंची पुलिस को पता लगा कि घायल महिला पल्लवी यादव को उसके परिवार के लोग इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल ले गए हैं जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पल्लवी यादव की मां ने पुलिस को शिकायत देकर अपने दामाद धर्मेंद्र उर्फ आकाश पर आपसी कहासुनी और मारपीट के बाद इसकी बेटी पल्लवी यादव को दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे धक्का देने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।