शादीशुदा युवक का दूसरी महिला के साथ चल रहा था प्रेम प्रसंग, गला दबाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 08:23 PM (IST)

पलवल(गुरूदत्त गर्ग): बहीन थाना के अंतर्गत  आने वाले गांव भमरौला जोगी में दूसरी औरत के चक्कर में एक शख्स ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर। पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी समेत पांच-छह  के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। 

 

गांव के पास खेत में लावारिस हालत में मिला महिला का शव

 

जानकारी के अनुसार पलवल के भमरौला जोगी गांव में बीती रात गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर खेत में एक महिला का शव लावारिस अवस्था में पड़ा हुआ मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि महिला के गले में उसकी चुन्नी बंधी हुई थी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि चुन्नी से गला घोंटकर महिला की हत्या की गई है। महिला की शिनाख्त प्राची उर्फ पम्मी के रूप में हुई है, जो भमरौला जोगी गांव निवासी धर्मेंद्र की पत्नी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए देर रात पलवल जिला अस्पताल पहुंचा दिया था। वहीं मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

 

मृतका का 5 साल का बेटा भी है, पति-पत्नी के बीच रहता था विवाद

 

बहीन थाना पुलिस को दी गई शिकायत में मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी प्राची की शादी करीब 6 साल पहले भमरोला जोगी गांव के रहने वाले धर्मेंद्र के साथ हुई थी। मृतका के पास 5 साल का एक बेटा भी है। मृतका के पिता ने बताया कि उसके दामाद धर्मेंद्र का एक लड़की के साथ पिछले 2 सालों से चक्कर चल रहा था। आरोपी उसी लड़की के साथ फरीदाबाद में रहता था। कई बार वह उसे अपने  गांव में  अपने घर पर भी लेकर आया था। उस लड़की के कारण धर्मेंद्र की पत्नी उससे काफी नाराज थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच काफी विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि  पिछले 2 साल में धर्मेंद्र को उसके परिवार वालों  के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी काफी समझाया था। इसके बावजूद वह मानने को तैयार नहीं था। उन्होंने कहा कि दूसरी लड़की के चक्कर में ही धर्मेंद्र ने उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। बहीन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static