पति से कहासुनी के बाद विवाहिता ने लगाया फंदा, एक साल पहले हुई थी शादी

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 09:23 AM (IST)

अम्बाला छावनी (कोचर) : वीरवार की देर शाम को छोटा कोट कछुआ गांव में महज एक साल पहले शादी करके आई विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। मृतका बुधवार को मायके में अपने घर गई थी और वहां रात रुकने को लेकर उसका अपने पति के साथ झगड़ा हुआ था। वीरवार सुबह पति पत्नी वापस ससुराल में पहुंचे और देर शाम को उसने फंदा लगा लिया। सूचना पाते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को उसके पति के खिलाफ शिकायत दी।

पड़ाव थाने में मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी पति पवन कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि वह पिछले लम्बे समय से दुराना में किराए के मकान में रहता है और उसके पास 5 लड़कियां व एक लड़का है। उसकी छोटी बेटी प्रीती (21 वर्षीय) की शादी महज एक साल पहले ही 15 फरवरी 2019 को छोटा कोट कछुआ गांव निवासी पवन कुमार के साथ हुई थी।

लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उन्होंने प्रीती को दहेज के कारण मानसिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया था। इसके अलावा भी वह प्रीती को ताने मारते थे। बीते मंगलवार को प्रीती अपने पति के साथ मायके में गई हुई थी। वहां रात ठहरने को लेकर उन दोनों के बीच में आपसी कहासुनी हो गई थी। हालांकि बाद में वह रात को वहीं रुक गए और सुबह उठते ही पवन अपनी पत्नी को लेकर घर के लिए निकल गया। घर पहुंचकर भी उन दोनों के बीच में काफी झगड़ा हुआ जो कि मृतका ने अपने पिता को फोन पर यह बात बताई थी।

वहीं वीरवार शाम के समय उनके पास सूचना आई कि प्रीती ने फंदा लगा लिया है। जब वह बेटी के ससुराल में पहुंचे तो देखा कि नीचे वाले कमरे में बैड पर प्रीती का शव पड़ा था। ससुरालियों के मुताबिक उसने छत पर बने कमरे में फंदा लगाया था और उसे रस्सी काटकर शव नीचे उतारा गया। शिकायत में आरोप लगाए कि ससुराल वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए मानसिक रूप से परेशान करने के अलावा उसके साथ काफी मारपीट भी करते थे। शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मृतका का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया और आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static