फरीदाबाद में आग से दो जगह मचा हड़कंप, रबड़ फैक्ट्री और फ्लैट में भड़की भीषण आग; बाल-बाल बचा परिवार

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 09:27 AM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद में डबुआ-पाली रोड स्थित 17 नंबर चुंगी के पास आरएन पॉलिमर प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में रविवार सुबह आग लग गई। फैक्ट्री में रबड़ का काम होता है। जिस समय आग लगी, उस समय फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या काफी कम थी। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, फैक्ट्री में खड़ी दो गाड़ियां जलीं

पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में खड़ी दो गाड़ियां जल गईं। इनमें एक किआ और एक स्कॉर्पियो शामिल है। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

सेक्टर-81 की आनंद विला सोसाइटी में फ्लैट में लगी आग

दूसरी घटना फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित आनंद विला सोसाइटी की है। यहां देर रात टावर नंबर-4 के फ्लैट नंबर 2ए में अचानक आग लग गई। आग लगने से फ्लैट के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर बीपीटीपी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, परिवार सुरक्षित बाहर निकला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्लैट की बालकनी में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने की आशंका है। इसके बाद आग बालकनी से फ्लैट के अंदर तक फैल गई। जिस समय हादसा हुआ, फ्लैट में रहने वाले लोग जाग रहे थे। आग का पता चलते ही सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए। इस घटना में भी किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static