गार्बेज बैग बनाने वाली अवैध फैक्ट्री पर MCG का छापा
punjabkesari.in Friday, Apr 11, 2025 - 07:20 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो) : नगर निगम की टीम ने प्लास्टिक मुक्त गुड़गांव करने के अभियान के तहत आज ताबड़तोड़ रेड की है। एक तरफ जहां गार्बेज बैग बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का नगर निगम और सेनिटेशन स्क्वायड फोर्स की टीम ने भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में प्लास्टिक बरामद किया है। वहीं, हीरो होंडा चौक पर भी रेड कर भारी मात्रा में पॉलीथीन बरामद की हैं। इन पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से लाखों रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
नगर निगम के नोडल अफसर मोहित शर्मा के मुताबिक, सूचना के आधार पर बसई इंडस्ट्रियल एरिया में रेड की। यहां एक अवैध रूप से गार्बेज बैग बनाने की फैक्ट्री लगी हुई थी जिस पर रेड करते हुए टीम ने पाया कि यहां प्लास्टिक का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। पॉलीथीन पर आईएसआई का मार्का लगाया जा रहा है। इसके अलावा शहर को प्रदूषण मुक्त करने के लिए जो भी नियम अपनाए जाने चाहिएं उन सभी को दरकिनार किया हुआ है। टीम ने यहां से तैयार किए गए करीब 2 टन गार्बेज बैग सहित 4 हजार किलो रॉ मेटीरियल बरामद किया है। टीम ने कार्रवाई करते हुए न केवल यहां से सामान को जब्त कर लिया है बल्कि फैक्ट्री संचालक पर पांच लाख का जुर्माना भी लगाया है।
वहीं, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो यह फैक्ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए सामान को जब्त कर लिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। नगर निगम अधिकारियों की मानें तो आज हुई कार्रवाई कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले आज ही टीम ने हीरो होंडा चौक पर भी कार्रवाई करते हुए एक दुकान में स्टॉक की गई पॉलीथीन जब्त की है। इसके अलावा टीम हर तरफ नजर रख रही है ताकि गुड़गांव को जल्द से जल्द पॉलीथीन मुक्त किया जा सके।