दबंगों ने किया परिवार पर हमला, बीच बचाव में आई युवतियों से अश्लील हरकत करने का आरोप

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:23 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): गांव ढाणी कुंभावास में दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला करने, युवतियों के साथ अश्लील हरकतें करने और गांव छोड़ने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बिलासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के अनुसार, चार अगस्त की शाम पीड़ित व्यक्ति गांव की एक दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि गांव के ही पांच दबंग युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोपी पीड़ित को कॉलर पकड़कर दुकान से बाहर खींच लाए और लाठी-डंडों व प्लेट से सिर पर वार करने लगे। शोर सुनकर जब पीड़ित की दो बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपी मनीष ने पेड़ काटने वाले बांकी (धारदार हथियार) से हमला किया, जिससे युवतियों को भी गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ अभद्रता, अश्लील हरकतें कीं और जातिसूचक बातें कहते हुए पूरे परिवार को गांव से भाग जाने अन्यथा जान से मारने की धमकी दी।

 

अस्पताल में भी दी धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज

पीड़ित परिवार को इलाज के लिए सेक्टर-10 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने अस्पताल पहुंचकर भी उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना 112 पर दिए जाने के बाद पुलिस ने अस्पताल और मौके का दौरा किया। अस्पताल से मिली मेडिकल लीगल रिपोर्ट में पीड़ितों के शरीर पर कई गंभीर चोटों, फ्रैक्चर की आशंका और डॉक्टरों की राय दर्ज की गई है।

 

धाराओं के तहत केस दर्ज, जांच जारी

पुलिस जांच और एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर बिलासपुर थाना पुलिस ने 12 अगस्त को आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 115(2), 351(3) और 74 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static