Panipat Crime: पानीपत में लापता युवक का हत्या, खेत में मिला शव, चेहरे-गले समेत शरीर को 15 जगहों पर वार

punjabkesari.in Thursday, Mar 27, 2025 - 01:50 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत में लापता युवक का हत्या कर दी गई और इसका शव गुरुवार सुबह खेतों में पड़ा मिला। युवक के चेहरे, गले समेत 15 से ज्यादा जगह से तेजधार हथियार काटा गया है। घटना इसराना में बलाना रोड स्थित खेतों की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया।

जानकारी के अनुसार युवक को 26 मार्च की सुबह दोस्त घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। परिवार ने थाने में किडनैपिंग की शिकायत दी थी। इसराना थाना पुलिस को दी गई शिकायत में आशा ने बताया था कि वह मांडी गांव की रहने वाली है। उसका बेटा आर्यन (18) 26 मार्च की सुबह करीब 10 बजे घर से गया था। उसे घर से परिवार के ही राजेश का बेटा निशु बुलाकर ले गया था। उसने कहा था कि कुछ खाने चलते हैं। रास्ते में निशु ने नमकीन और कोल्ड ड्रिंक भी ली।

शाम 9 बजे तक भी वह घर नहीं लौटा। इसके बाद मां ने निशु को फोन किया। निशु ने उससे अभद्र व्यवहार किया। साथ ही आर्यन के बारे में बताने से मना कर दिया। इसके बाद निशु ने फोन काट दिया और दोबारा बात नहीं की। अनहोनी की आशंका के चलते वह तुरंत थाने पहुंची और शिकायत दी। रातभर में आर्यन के आने का इंतजार करते रहे।

आर्यन के ताऊ तकदीर ने बताया कि परिवार के लोगों ने गांव के CCTV कैमरे चेक किए। तब पता चला कि जब आर्यन निकला तो गांव के मोड़ पर बाइक पर 2 नकाबपोश युवक खड़े थे। आर्यन को देखकर वह आगे निकल गए। आर्यन खेतों की तरफ चला गया। वहां पहले ही 2 बंदे आर्यन को मारने के लिए बैठे थे। उन्होंने आर्यन को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। आर्यन बचने के लिए खेतों की तरफ भागा। इसके बाद उसकी चाकू से हत्या कर दी। इनकी आपस में कोई लड़ाई नहीं थी। वह ढूंढते हुए उसे एक किलोमीटर दूर खेतों में पहुंचे। वहां आर्यन का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

आज सुबह पुलिस को  इसराना में बलाना रोड स्थित खेतों में युवक के शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंची। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। युवक पर इतनी बेरहमी से वार किए गए थे कि उसका अंगूठा भी अलग हो गया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। 

परिवार के मुताबिक आर्यन 2 भाइयों में बड़ा था। 10वीं के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। आर्यन के पिता की काफी समय पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उसका चचेरा भाई निशु 2 भाइयों में छोटा था। उसने हाल ही में 10वीं क्लास के पेपर दिए थे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static