सुशासन, मिशन मेरिट और अंत्योदय उत्थान भाजपा की जीत का आधार: सुदेश कटारिया

punjabkesari.in Sunday, Oct 20, 2024 - 08:20 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के चीफ मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया ने कहा कि भाजपा की हैट्रिक का आधार सुशासन, मिशन मेरिट और अंत्योदय उत्थान है। मनोहर मॉडल का भी भाजपा सरकार तीसरी बार बनाने में विशेष योगदान रहा है। अब मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मनोहर नीतियों को आगे बढ़ाने का जो संकल्प लिया है, वह सराहनीय कदम है। दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी मनोहर मॉडल का अनुसरण कर रहे हैं।

भाजपा सरकार का बनना एक मनोहर सोच का सुखद परिणाम है

सुदेश कटारिया ने गांव अमीन में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। सम्मान समारोह में पहुंचने पर कटारिया का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। सम्मान समारोह की खास बात यह रही कि कुरुक्षेत्र जिले से बिना पैसे के नौकरी लगने वाले युवाओं ने उनका विशेष तौर पर आभार जताया। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का भी आभार जताया, जिनके मिशन मेरिट की बदौलत उनका सरकारी नौकरी लगने का सपना पूरा हुआ है। यही नहीं बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं ने कटारिया को आशीर्वाद देते हुए आभार जताया कि भाजपा राज में गरीबों के बच्चों को अपनी काबिलियत के बूते नौकरी मिल रही है। कटारिया ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा के इतिहास में लगातार तीसरी बार शानदार बहुमत के साथ भाजपा सरकार का बनना एक मनोहर सोच का सुखद परिणाम है।

लगातार तीसरी बार सरकार बनना पार्टी दूरदर्शी ओर पारदर्शी सोच का परिणाम

सुदेश कटारिया ने कहा की लगातार तीसरी बार किसी भी पार्टी की सरकार बनना सीधे तौर पर उनकी दूरदर्शी ओर पारदर्शी सोच ओर मजबूत इरादों को साबित करता है जिसकी बुनियाद 2014 में पहली बार मुख्यमंत्री बने मनोहरलाल ने रख दी थी। प्रदेश की जनता यह बखूबी जानती है की जब उन्होंने सत्ता संभाली तो हालात पूरी तरह से खराब हो चुके थे। उनके कार्य करने के तौर तरीकों का विरोधियों द्वारा जमकर मजाक उड़ाया जा रहा था। 

कांग्रेस राज में सरेआम पर्ची व खर्ची का चलता था खेल

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के चीफ मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया ने कहा कि कांग्रेस की हुडडा सरकार ने अपने 10 साल के शासनकाल में सरकारी नौकरियों के नाम पर दलालों का ऐसा बाजार खड़ा कर दिया था जिसमें सरेआम पर्ची और खर्ची का खेल चलता था। सीएम मनोहर लाल ने सबसे पहले इस खेल को खत्म करने का काम किया। कड़े निर्णय लेकर नौकरियों की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता शुरू कर दी जिसके शानदार परिणाम लगातार हम सभी के सामने आ रहे हैं। जिसका सबसे ज्यादा फायदा हमारे समाज के युवाओं को हुआ है। भाजपा सरकार में डेढ़ लाख से ज्यादा युवा अपनी योग्यता के आधार पर सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह वो क्रांतिकारी कदम था जिसकी बदौलत प्रदेश की जनता ने बिना शोर मचाए मनोहर लाल की मनोहर सोच पर लगातार तीसरी बार अपनी मोहर लगाईं।

उन्होंने कहा की कार्यक्रमों की विशेष बात यह है की इस तरह के आयोजन में समाज के सैकड़ों लोग अपनी समस्याओं एवं अन्य मांगों को लेकर भी अलग से चर्चा करते हैं। जिस पर कटारिया मौके पर ही  अधिकारियों से बातचीत कर उनका निपटारा करते हैं। सुदेश कटारिया की इसी अनूठी कार्यप्रणाली के चलते समाज में भाजपा के प्रति जुड़ाव तेजी से बढ़ता जा रहा है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static