टोल प्लाजा पर बवाल, जमकर चले लाठी डंडे, जानें पूरा मामला

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 02:53 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना रोड स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर आज सुबह जमकर बवाल हुआ। लाठी डंडों से लैस होकर आए युवकों द्वारा न केवल टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम को ध्वस्त कर दिया बल्कि यहां टोल कर्मियों को भी बेरहमी से पीटा। इस घटना में घायल दो टोल कर्मियों को सोहना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद की शुरूआत एक मामूली कहासुनी से हुई थी जिसके बाद पहले तो बहस करने वाले युवक चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दो गाड़ियों में अपने करीब आधा दर्जन साथियों को लेकर टोल प्लाजा पर पहुंचे और जमकर बवाल काटा। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। 

 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

 

टोल मैनेजर अशोक की मानें तो यह खौफनाक हादसा आज सुबह करीब 10 बजे हुआ। दहशतगर्दी की तस्वीरें बयां कर रही हैं कि किस तरह से युवकों ने यहां उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि टोल टैक्स के भुगतान को लेकर कुछ युवकों की टोल कर्मियों के साथ कहासुनी हुई थी। बहसबाजी के बाद पहले तो युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ वापस लौटे। इस बार उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और इरादे बेहद खौफनाक। देखते ही देखते टोल प्लाजा रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। हमलावरों ने टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और फिर टोल के कंट्रोल रूम में घुसकर सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

 

सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायलों को सोहना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से युवक लाठी डंडों से टोल कर्मियों के साथ-साथ कंट्रोल रूम पर अपना कहर बरसा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने यह सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static