सोहना एलिवेटेड रोड पर भिड़ी कई गाड़ियां, एक घायल, लगा जाम
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 12:38 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शुक्रवार सुबह सोहना एलिवेटेड रोड पर एक भीषण हादसा हो गया। रोड के बीच में बेहद ही धीमी रफ्तार से चल रही गाड़ी के कारण कई गाड़ियां आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ियों के एयरबैग खुल गए। वहीं, घटना में कार चालक घायल भी हुआ है। घटना के कारण सोहना एलिवेटेड रोड पर जाम लग गया। वहीं, मदद के लिए लोग आगे आए और घायल को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, लोगों ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को धक्का मारकर रोड किनारे किया और ट्रैफिक को सुचारू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

जानकारी के मुताबिक, एक स्विफ्ट गाड़ी सोहना एलिवेटेड रोड पर बीच में बेहद ही धीमी रफ्तार से चल रही थी। गुड़गांव से सोहना की तरफ जाते वक्त एक कैब उसे ओवरटेक करने लगी तो यह कैब स्विफ्ट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के एयरबैग खुल गए। वहीं, अभी इन क्षतिग्रस्त गाड़ियों को बीच रास्ते में ही छोड़कर दोनों गाड़ियों के चालक सड़क किनारे हुए थे कि पीछे से रफ्तार में आ रही एक टाटा नेक्सोन गाड़ी का चालक किसी दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने लगा जिसने बीच रास्ते में खड़ी यह गाड़ियां दिखाई ही नहीं दी और वह इन गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नेक्सोन के भी एयरबैग खुल गए और चालक की छाती में चोट आई हैं।

दुर्घटना के कारण सोहना रोड पूरी तरह से बंद हो गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद वाहन चालक मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचना देते हुए घायलों की मदद करने लगे। बताया जा रहा है कि इस घटना में घायल हुए नेक्सोन चालक को निजी गाड़ी से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं, लोगों ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई गाड़ियों को धक्का देकर रोड से साइड किया और ट्रैफिक को सुचारू कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घायल के बयान लेने के लिए पुलिसकर्मी को अस्पताल भेजा गया है। बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
