गंभीर आरोपों से घिरे इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह को अपने पद से देना चाहिए इस्तीफा : दिग्विजय
punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 10:47 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) : पूर्व मंत्री मांगेराम राठी के बेटे की आत्महत्या मामले में नफे सिंह राठी पर लग रहे आरोपों को लेकर जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी पर लगे आरोप काफी गंभीर हैं। मामले की जांच होनी चाहिए और गंभीर आरोप को देखते हुए इनेलो प्रदेश अध्यक्ष को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। दिग्विजय चौटाला ने यह भी कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने प्रदेश अध्यक्ष को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नफे सिंह राठी का चरित्र कैसा रहा है, यह सब जगजाहिर है और उन्हें ऐसे कामों के लिए इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला द्वारा पहले भी पार्टी से बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन अभय चौटाला ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया।
जिला परिषद चुनाव में मजबूती से उभरी जजपा : दिग्विजय चौटाला
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जिला परिषद चुनाव में पार्टी और मजबूत बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 22 जिलों में से 21 जिलों में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन मिलकर मजबूती के साथ जिला परिषदों में अपने चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बना रहें है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इस चुनाव परिणाम का पार्टी को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षद गठबंधन के साथ आगे बढ़ रहे है और जींद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, कैथल, फतेहाबाद समेत कई जिलों में गठबंधन ने मिलकर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाए है तथा बाकी बचे जिलों में भी गठबंधन के प्रतिनिधि मुखिया बनेंगे। दिग्विजय चौटाला ने कहा गठबंधन सरकार ज्यादा से ज्यादा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ कर रही है और इस चुनाव में गठबंधन के प्रतिनिधि बनने से जनता के कार्य और तेजी से होंगे। शनिवार को जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला चंडीगढ़ में पत्रकारों से रूबरू थे।
ई-ट्रेडिंग को लेकर सरपंचों के विरोध पर भी बोले दिग्विजय
सरपंचों द्वारा ई-टेंडरिंग के विरोध के सवाल पर जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार को जनता द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों की बात मानते हुए उन्हें और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे सरकार के ग्रामीण विकास के सपने को और पंख लगेंगे। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि नए पंच-सरपंचों में ग्रामीण विकास को लेकर खासा उत्साह है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राहुल गांधी जितना बोलेंगे, कांग्रेस को उतना ही नुकसान होगा।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)