नफेसिंह राठी हत्याकांड: बेटे जितेंद्र ने सरकार से पूछे 5 सवाल...मामले को दबाने का भी लगाया आरोप

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2024 - 03:42 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या को आज दो महीने पूरे हो गए हैं, लेकिन उनके परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिला है। नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी और भूपेंद्र राठी ने कार्यकर्ताओं के साथ बहादुरगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने हत्याकांड की एफआईआर में नामजद आरोपियों का नार्को टेस्ट करवाने की मांग की। इतना ही नहीं उन्होंने सरकार पर मामले को दबाने के गंभीर आरोप भी लगाए। इसके साथ ही स्वर्गीय नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी ने सरकार से पांच सवालों के जवाब भी मांगे।

इनेलो प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मामले की सही ढंग से जांच नहीं करवाना चाहती। इसीलिए नफे सिंह राठी की हत्या को दो महीने बीत जाने के बाद भी अब तक मामले की जांच सीबीआई को नहीं सौंपी गई है। जितेंद्र राठी का कहना है कि मुख्यमंत्री के साथ बैठने वाले लोग नफे सिंह राठी की हत्याकांड के आरोपी हैं, इसलिए सरकार उन्हें बचा रही है।

नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी ने सरकार से 5 सवाल पूछे हैं- 

1. अब तक सीबीआई को क्यों ट्रांसफर नहीं किया गया केस 
2. अब तक हत्याकांड के साजिशकर्ताओं के नाम का क्यों नहीं हुआ पर्दाफाश  
3. अब तक क्यों नहीं पकड़े गए वारदात को अंजाम देने वाले शूटर 
4.अब तक वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार नहीं हुए बरामद
5.अब तक मामले की एफआईआर में नामजद आरोपियों का क्यों नहीं करवाया नार्को टेस्ट  

वहीं जितेंद्र राठी ने सरकार से इन सभी सवालों के जवाब मांगे हैं। इसके साथ ही जितेंद्र राठी ने एक बार फिर से पुलिस प्रशासन और सरकार से मामले की सही ढंग से जांच करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static