नवीन जयहिंद के फिर बिगड़े बोल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल को लेकर दिया विवादित बयान

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 04:44 PM (IST)

सोनीपत(सन्नी): आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने एक बार फिर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ विवादित बयान दे डाला। सीईटी एग्जाम के बाद सरकारी नौकरियों में खेल कोटा खत्म होने के आरोप लगाते हुए नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा सरकार में 453 विभाग हैं, लेकिन सरकार ने खेल कोटा शिक्षा पुलिस व खेल विभाग में ही चालू रखा है यह खिलाड़ियों के लिए भेदभाव है। जयहिंद ने कहा कि मुख्यमंत्री शैतान बन बैठा है और उनकी आत्मा में शैतान का निवास हो चुका है। इस दौरान नवीन जयहिंद ने हरियाणा के शिक्षा मंत्री व खेल मंत्री पर भी जमकर निशाना साधा। इसी के साथ मेडिकल छात्रों के धरने को लेकर उन्होंने कहा कि हम एमबीबीएस छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। अगर सरकार के पास पैसे नहीं है तो कटोरा लेकर भीख मांगने के लिए खड़े हो जाएं, लेकिन इस तरह छात्रों के कंधों पर लाखों रुपए की बॉन्ड राशि का बोझ डालना सरासर गलत है।

 

खेल कोटे को दो विभागों तक सीमित करने पर दिखाया गुस्सा

 

नवीन जयहिंद सोमवार को सोनीपत पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक प्रेसवार्ता कर सीएम मनोहर लाल और हरियाणा सरकार को लेकर हमला बोला। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को शैतान बताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार खेल कोटे को लेकर खिलाड़ियों के साथ धोखा कर रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री की आत्मा में शैतान का निवास हो चुका है और वह शैतान बन बैठे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में 453 विभाग है, लेकिन हरियाणा सरकार ने सीईटी एग्जाम के बाद खेल कोटा केवल शिक्षा विभाग और हरियाणा पुलिस में ही छोड़ रखा है। इन विभागों में भर्तियां भी नहीं निकल रही है। इसके चलते हरियाणा के लाखों युवा बेरोजगार हैं।

 

खेल मंत्री और शिक्षा मंत्री पर भी खुलकर बोला हमला

 

नवीन जयहिंद ने ऐलान किया कि इस मामले को लेकर आगामी शनिवार को रोहतक के बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदेश के हजारों युवा दंगल करेंगे और सरकार के खिलाफ एक बार फिर सड़कों पर आकर रोष जताया जाएगा। ऐसा करने से शायद प्रदेश की गठबंधन सरकार के कानों पर जूं रेंग सके। नवीन जयहिंद ने मंत्री संदीप सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा का खेल मंत्री सबसे महा निकम्मा आदमी है। खुद खिलाड़ी होते हुए भी संदीप सिंह ने खिलाड़ियों का साथ नहीं दिया और खिलाड़ियों के हित में कोई भी योजना बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। वहीं शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को लेकर नवीन जयहिंद ने कहा कि हरियाणा का शिक्षा मंत्री तो दसवीं पास है। वह तो सीईटी एग्जाम देने के लिए योग्य भी नहीं है। उसकी तो बात भी क्या करें।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static