कुरुक्षेत्र में सनसनी...प्रेमी छोड़कर गया तो नेपाली महिला ने उठा लिया खौफनाक कदम, दो बेटियों के सिर से उठ गया मां का साया
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 04:46 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र के शरीफगढ़ गांव में किराये के कमरे में रहने वाली नेपाल मूल की महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय शर्मिला के रूप में हुई है, जो पिछले करीब छह महीनों से गांव के पास एक ढाबे पर काम कर रही थी। मामले में अब नया खुलासा सामने आया है कि ढाबे पर साथ काम करने वाले एक युवक से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले युवक काम छोड़कर चला गया, जिसके बाद शर्मिला काफी परेशान रहने लगी थी।
जानकारी के अनुसार, शर्मिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थी और वह शाहाबाद क्षेत्र के शरीफगढ़ गांव में किराये के कमरे में अकेली रहती थी। शुक्रवार को उसका शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही शाहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले यमुनानगर में उसके पति बीरू की भट्टी ब्लास्ट हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी शर्मिला के कंधों पर आ गई थी। उसकी दो बेटियां नेपाल में अपनी नानी के पास रहती हैं। शर्मिला ढाबे पर काम करके करीब 10 हजार रुपए प्रतिमाह कमाती थी और खर्च निकालने के बाद बची रकम नेपाल भेजती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि ढाबे पर काम करने वाले एक युवक के साथ शर्मिला की नजदीकियां बढ़ गई थीं। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। कुछ समय बाद युवक अचानक ढाबा छोड़कर चला गया। इसके बाद से शर्मिला तनाव में रहने लगी थी और काफी गुमसुम हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव और अकेलेपन के चलते उसने यह कदम उठाया।
ढाबा संचालक किशन कुमार ने बताया कि शर्मिला पिछले छह महीनों से उनके यहां सुबह और शाम काम करती थी। वह मेहनती महिला थी और अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रही थी। उधर, शाहाबाद थाना प्रभारी जगदीश तमक ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। नेपाल से उसके भाई और भाभी के आने के बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।