न कोई रैली, न पोस्टर...Sonipat में उम्मीदवार का अनोखा अंदाज, चुनाव चिह्न ‘रोड-रोलर’ से कर रहे प्रचार
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 07:37 PM (IST)
सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत में चुनाव प्रचार का एक अनोखा और दिलचस्प तरीका देखने को मिला है। यहां एक निर्दलीय प्रत्याशी रमेश खत्री ने अपने चुनाव चिह्न ‘रोड-रोलर’ को ही प्रचार वाहन बना दिया है। इतना ही नहीं सड़कों पर असली रोड-रोलर घुमाकर वह लोगों का ध्यान अपनी और आकर्षित कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रमेश खत्री पहले भी प्रदेश के बड़े नेताओं जैसे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार उसने प्रचार के लिए पारंपरिक तरीकों से हटकर यह नया प्रयोग किया है।
प्रत्याशी का कहना है कि ‘रोड-रोलर’ उसका चुनाव चिह्न है, इसलिए उसने इसे ही अपनी पहचान और प्रचार का माध्यम बना लिया है। लोगों के बीच अलग पहचान बनाने और संदेश पहुंचाने के लिए वह इसे सड़कों पर चला रहा है। इसके लिए बाकायदा ड्राइवर रखने की भी योजना बनाई गई है, ताकि यह लगातार विभिन्न क्षेत्रों में घूम सके। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल से ही एक छोटा रोड रोलर बुक कर दिया, जिसका किराया 2500 रुपए प्रतिदिन है।
इस अनोखे प्रचार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोग इसे चुनाव प्रचार का एक अलग और आकर्षक तरीका बता रहे हैं।फिलहाल, सोनीपत में ‘रोड-रोलर’ प्रचार वाहन चर्चा का विषय बना हुआ है और यह चुनावी माहौल में एक नया रंग भर रहा है।
जानिए कौन हैं रमेश खत्री
सोनीपत के गांव गढ़ी ब्राह्मणान के रहने वाले 64 वर्षीय रमेश खत्री BSC, बीएड और वकालत की पढ़ाई कर चुके हैं. वे हर चुनाव में सबसे पहले नामांकन पत्र दाखिल करते हैं. किसी चुनाव में 250 और किसी में हजार- 2 हजार वोट मिलते है और इन्हीं वोटर्स का भरोसा बनाए रखने के लिए वो हर बार चुनावी रण में ताल ठोकते हैं. उनके परिवार के सदस्य भी उनके लिए बखूबी चुनाव प्रचार करते हैं.
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)