Ashoka Chakra अब भारत का सबसे बड़ा धर्म चक्र, लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड ने जारी किया प्रमाण पत्र
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2020 - 09:20 AM (IST)

यमुनानगर (सतीश) : गांव टोपरा कलां स्थित अशोक चक्र को लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड ने 2020 में भारत का सबसे बड़ा धर्म चक्र होने का प्रमाण पत्र जारी किया है। 2500 साल पहले अशोक चक्र को धर्म चक्र कहते थे जो आज हमारा राष्ट्रीय चिन्ह है। खोई हुई बौद्ध विरासत की दोबारा से पहचान कायम करने के लिए यह पहल यमुनानगर के 2 भाइयों सिद्धार्थ गौरी व डा. सत्यादीप नील गौरी ने की थी। टोपरा कलां की ग्राम पंचायत की मदद से इस अशोक चक्र को स्थापित किया गया।
अनिल ने इस विशाल चक्र की डिजाइनिंग व निर्माण में मुख्य भूमिका निभाई थी। बता दें चक्र का व्यास 30 फीट है जिसमें 6 टन वजनी 24 तिलियां हैं। यह नॉन आरमेचर संरचना है। इस चक्र को बनाने में 240 दिन का समय लगा। सरपंच मनीष कुमार व पद्मभूषण अवार्डी दर्शन लाल जैन ने कहा कि वे इस उपलब्धि से खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस चक्र की स्थापना से देश ही नहीं विदेश में भी नाम चमका है। वो दिन दूर नहीं जब ये स्थल पर्यटन के तौर पर उभरेगा।