नूंह में मिठाई खाने से एक परिवार के आठ बच्चे हुए बीमार, 5 की हालत गंभीर; मेडिकल कॉलेज नलहड़ में भर्ती
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 06:38 PM (IST)
नूंह (एके बघेल) : हरियाणा के नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के गांव गंडूरी में शनिवार सुबह मिठाई खाने से 8 मासूम बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आनन-फानन में सभी बच्चों को जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में भर्ती कराया, जहां से पांच बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नल्हड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, असलम नामक व्यक्ति शुक्रवार रात बड़कली चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार से चमचम मिठाई लेकर घर आया था। उस समय बच्चे सो चुके थे। सुबह जब बच्चे उठे तो उनकी मां रजीना ने उन्हें मिठाई खिला दी। मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
बीमार बच्चों में सोफेद (16), अजूबा (15), सोफिया (10), सनोफिया (8), जुड़वा समर व सनम (4), समरीन (2) और रूहान (5) शामिल हैं। दो बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि छह बच्चों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। खासकर समर की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सभी बच्चों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कर ली गई है, हालांकि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। नगीना थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि मामला संज्ञान में है और शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं मांड़ी खेड़ा अस्पताल के मेडिकल आफिसर डॉ रविकांत ने बताया कि मिठाई खाने से एक परिवार के आठ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी, जिन्हें उपचार के लिए लाया गया था। उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चों को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।