सिविल अस्पताल में पुलिस गिरफ्त से भागा मुजरिम, MRI मशीन तोड़ी, मशक्कत के बाद ऐसे आया आरोपी काबू

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 11:45 AM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): सिविल अस्पताल और पुलिस प्रशासन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मुजरिम लेकर आई सेक्टर-65 थाना पुलिस से बचकर एक मुजरिम भाग गया। कैब चालक से मारपीट करने के आरोप में मेडिकल के लिए पुलिस आरोपी को लेकर सिविल अस्पताल गई थी। यहां पुलिस की गिरफ्त से छूटकर आरोपी भागने लगा और एमआरआई रूम में घुस गया। जब पुलिस उसे पकड़ने के लिए एमआरआई रूम में घुसी तो आरोपी काफी गुस्से में आ गया और उसने तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। आरोपी ने मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। वहीं, इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची ईआरवी की मदद से आरोपी को सेक्टर-10 थाने में ले जाया गया पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, कैब चालक से मारपीट करने के मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया था। इस आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान मेडिकल कराने के लिए पुलिस उसे लेकर सिविल अस्पताल गई थी। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी काफी एग्रेसिव हो रहा था। जब पुलिस उसे लेकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गई तो आरोपी यहां पुलिसकर्मियों से झगड़ने लगा और पुलिस से अपना हाथ छुड़ाकर भाग खड़ा हुआ। पुलिसकर्मी भी तुरंत ही उसे काबू करने के लिए भागे, लेकिन आरोपी बार-बार किसी न किसी रूम में घुसकर छिपने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई और मौके पर बुलाया। पुलिस ने जब आरोपी को हर तरफ से घेर लिया तो आरोपी अस्पताल में बने एमआरआई रूम में प्रवेश कर गया। यहां मौजूद कर्मचारियों से भी मारपीट करने लगा। इसी दौरान कर्मचारी एमआरआई रूम से बाहर आ गए और उन्होंने गेट को बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जब उसे काबू करने का प्रयास किया तो आरोपी ने यहां मशीन में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। 

 

अस्पताल प्रबंधन की मानें तो आरोपी द्वारा एमआरआई मशीन की मुख्य कॉइल सहित अन्य पार्ट्स को क्षतिग्रस्त कर दिया है जिसके कारण एमआरआई पूरी तरह से ठप हो गई है। पुलिस उसे काबू करके सेक्टर-10 थाने ले गई। यहां एमआरआई मैनेजर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस की मानें तो आरोपी की पहचान सेक्टर-92 के रहने वाले गर्वित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से परेशान है और उसे अस्पताल में दवा की डोज दी गई थी। दवा के रिएक्शन से उसे जलन होने लगी और इसी जलन के कारण वह इमरजेंसी रूप से उठकर भाग लिया और उसने यह तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि गर्वित के परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे और गर्वित को संभाला। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

 

वहीं, एमआरआई मशीन क्षतिग्रस्त होने के कारण अस्पताल में मरीजों की एमआरआई बंद हो गई है। ऐसे में मरीजों को हरियाणा सरकार की तरफ से सस्ती दर पर मिलने वाली यह सुविधा नहीं मिल पा रही है। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जल्द ही मशीन की मरम्मत कराई जाएगी ताकि एमआरआई को शुरू किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static