अदालत परिसर में गैंगरेप पीड़िता से सरेआम अश्लील हरकत

punjabkesari.in Monday, Mar 06, 2017 - 11:44 AM (IST)

फरीदाबाद(पंकेस):गैंगरेप में मामले में अदालत में गवाही देने के लिए आई पीड़िता पर आरोपियों ने सरेआम अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी सरेआम इशारे करते हुए अश्लील हरकतें करने लगे। बाद में आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बाद में पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। लंबी जांच पड़ताल के बाद अब थाना सेन्ट्रल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक बल्लभगढ़ के एक गांव में रहने वाली एक 19 वर्षीया एक युवती ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने परिवार के साथ रहती है। उसका परिवार गांव में ही खेतीबाड़ी करने का काम करता है। कुछ समय पहले इसी गांव में रहने वाले चार युवकों ने मौका पाकर उसे दबोच लिया था। आरोपियों ने बारी बारी उसके साथ गैंगरेप कर दिया था। उस समय पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया था। बाद में आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई।
 

यह मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है। गत 17 दिसंबर 2016 को इस मामले में उसकी गवाही होनी थी। वह निश्चित समय पर अदालत में अपनी गवाही देने के लिए  पहुंच गई थी। गवाही देने के बाद वह अदालत से निकल रही थी। सीड़ियों से उतरते समय आरोपी अनिल, संदीप, सोनू व संजीव ने उस पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी। वह उन्हें नजरअंदाज करते हुए सीड़ियों से उतरती रही। इसी बीच आरोपियों ने उसे इशारे करते हुए अश्लील हरकतें शुरू कर दी। परेशान होकर उसने आरोपियों का विरोध शुरू कर दिया।

तभी आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में उसने परिजनों की मदद से पुलिस को शिकायत दे दी। अब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। थाना सेन्ट्रल प्रभारी जयबीर ने बताया कि पीड़िता ने मामले की शिकायत शनिवार को दी है। जिसके बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static