एक तरफा प्यार में युवती को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

punjabkesari.in Monday, May 09, 2022 - 08:32 PM (IST)

गुड़गांव, (पवन कुमार सेठी) : गांव महचाना में एक तरफा प्यार में युवती को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। वारदात सोमवार सुबह की है। पीड़िता की 11 मई को शादी होनी थी। फिलहाल वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। फर्रूखनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

गांव महचाना निवासी अशोक ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उनके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी को गांव का ही निवासी जयपाल उर्फ बिल्लू गलत इशारे करता था जिससे वह परेशान थी। उनकी बेटी ने जब यह बात बताई तो उन्होंने जयपाल को डांटा था। बताया जा रहा है कि इस बात से वह गुस्से में था। अशोक ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी तय कर दी थी। 11 मई को शादी होनी थी। आरोप है कि 8 मई की रात को वह अपनी बेटी के साथ छत पर कमरे में सो गए थे। अल सुबह अशोक पशुओं को चारा डालने चला गया। कुछ समय बाद अशोक को सूचना मिली कि जयपाल ने उनकी बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस पर वह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बेटी को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही फर्रूखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की हालत गंभीर है। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आरोपी ने एक तरफा प्यार में वारदात को अंजाम दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pawan Kumar Sethi

Recommended News

Related News

static