फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने रुकवाया डंपर, लूट कर भाग रहे थे बदमाश, लोगों ने घेरा तो एक चढ़ गया हत्थे

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 09:36 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के सोहना एरिया में एक डंपर चालक से फिल्मी स्टाइल में लूट करने का मामला सामने आया है। बाइक से आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने डंपर के आगे बाइक लगवाकर उसे रुकवा लिया और फिर ड्राइवर को लाठी-डंडों से पीटकर उससे लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह नजारा देखा तो वह डंपर चालक की मदद के लिए आगे आए और वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

इस दौरान लोगों ने एक बदमाश को काबू कर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 126 190 191 (2) 304 के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान गांव लाखूवास निवासी सागर के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

 

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से जेवर उत्तर प्रदेश के रहने वाले वीरेंद्र ने बताया कि वह डंपर चलाते हैं। कल सुबह वह डंपर लेकर सोहना के सिलानी चौक से जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे कुछ बाइक सवार युवकों ने उसके डंपर के आगे अपनी बाइके लगाकर उन्हें रुकवा लिया। करीब आधा दर्जन युवकों ने उन्हें डंपर से नीचे उतार लिया और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। आरोपियों ने मारपीट करते हुए उनसे 20 हजार रुपए लूट लिए। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास से गुजर रहे लोग व ग्रामीण एकत्र हो गए जिन्होंने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बच कर भाग निकले, लेकिन लाेगों ने सूझबूझ से एक आरोपी को काबू कर लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static