दीपक नांदल गैंग शूटर एनकाउंटर मामला- आधे घंटे पहले ही मौके पर पहुंच गए थे बदमाश, गाड़ी के नंबर छिपाए

punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 05:04 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): देर रात को गुड़गांव के सुशांत लोक फेज-1 में हुए दीपक नांदल गैंग के शूटरों के एनकाउंटर में सामने आया है कि पांचों आरोपी मौका-ए-वारदात पर आधे घंटे पहले पहुंच गए थे। यहां पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने अपनी गाड़ी के नंबर पर आड़ी-तिरछी करके टेप लगा ली थी ताकि कोई उनकी गाड़ी का नंबर नोट न कर सके। यहां पहुंचने के बाद एक खाली प्लॉट में करीब आधे घंटे तक यह बदमाश अंधेरे में छिपे रहे और रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर बदमाशों ने अपनी गाड़ी को खाली प्लॉट से बाहर निकाला और व्यवसायी विशाल बेरी के घर के बाहर रोक दी। गाड़ी से तीन बदमाश उतरे जिनमें से दो बदमाशों ने घर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जबकि एक बदमाश मौके पर फायरिंग करने के वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने इन बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया और आत्मसमर्पण के लिए कहा था।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मामले में प्रारंभिक तौर पर सूचना सेक्टर-29 थाना प्रभारी को मिली थी। इस सूचना के बाद अपराध शाखा की टीमें हरकत में आई और उन लोगों का रिकॉर्ड खंगालने लगी जिन्हें दीपक नांदल गैंग अथवा अन्य गैंग की तरफ से रंगदारी के लिए फोन आए थे और रकम न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे क्षेत्र में जांच करनी शुरू कर दी। जिस वक्त आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया उस वक्त पुलिस उसी क्षेत्र में इन आरोपियों को घेर चुकी थी। बैकअप स्पोट के लिए कंट्रोल रूम को सूचना देकर मौके पर पुलिस बल भी बुलाया गया था ताकि किसी भी हालत में बदमाशों को काबू किया जा सके। 

 

PunjabKesari

 

तीन पुलिसकर्मियों को लगी गोली

बदमाशों ने जब पुलिस पर फायरिंग की तो इस दौरान पहली गोली सिपाही मंजीत के बंधे पर लगी तो दूसरी गोली सिपाही शमशेर के पेट में लगी। वहीं, एक गोली एएसआई सुनील कुमार के पैर पर जा लगी। इसके बाद पुलिस ने चेतावनी देने के बाद हवाई फायर किया और बदमाशों को जवाब देने के लिए फायर किया जिसमें पांचों बदमाशों को गोली लगी और चार बदमाशों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

50 राउंड हुई फायरिंग

पुलिस ने मौके पर बदमाशों से पांच हथियार बरामद किए हैं। इनमें आधुनिक हथियार भी शामिल हैं। वहीं, पुलिस को मौके से गोलियों के 50 खाली खोल बरामद हुए हें। इसके साथ ही कई गोलियां भी पुलिस को बरामद हुई हैं। इसके साथ ही पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है।

 

PunjabKesari

 

मृतकों का है आपराधिक रिकॉर्ड

गुड़गांव पुलिस के साथ हुए एनकाउंटर में चार बदमाश मारे गए जबकि एक घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान दीपा उर्फ संदीप निवासी जिला फतेहाबाद, आर्यन निवासी जिला रोहतक, नितिन निवासी जिला रोहतक व अंकित निवासी जिला रोहतक के रूप में हुई है। वहीं, घायल की पहचान शिवम निवासी जिला मेवात के रूप में हुई है। आरोपियों के प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि नितिन के खिलाफ हत्या करने का प्रयास व अवैध हथियार रखने के सम्बन्ध में 2 केस रोहतक में तथा आरोपी दीपा उर्फ सन्दीप के खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा विभिन्न प्रकार से संगीन अपराधों से सम्बन्धित 14 केस दर्ज हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static