युवक ने फंदा लगाकर की ख़ुदकुशी, रिटायर्ड SI की भी संदिग्ध मौत
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 03:27 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): आईएमटी मानेसर थाना के खोह गांव में एक युवक ने फंदा लगाकर ख़ुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से कमरे का निरीक्षण कराया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला हैै। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी अनुसार, उत्तर प्रदेश के एटा निवासी राहुल बाबू (23) आईएमटी मानेसर क्षेत्र के खोह गांव में अपने भाई के साथ किराये के कमरे में रहता था। वह दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था। शनिवार की शाम को जब राहुल बाबू कमरे पर अकेला था तो उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। राहुल के भाई ने जब दरवाजा खटखटाया तो अंदर से काेई आवाज नहीं आई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो राहुल अंदर कमरे में फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद भाई व अन्य लोगों ने राहुल का शव फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी एसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा है। मामले की छानबीन की जा रही है। कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
रिटायर्ड एसआई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जानकारी अनुसार, रोहतक (हरियाणा) के मोखरा गांव निवासी भगवत स्वरूप (68) वर्तमान में गुरुग्राम के गाडौली खुर्द गांव में रह रहे थे। वे हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत थे। शनिवार देर शाम को गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी टीम को गुरुद्वारा रोड स्थित कमला नेहरू पार्क में एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद ईआरवी टीम ने सिटी थाने की पुलिस को जानकारी दी। सिटी थाने की पुलिस ने कमला नेहरू पार्क में जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृत व्यक्ति की जेब में मिले दस्तावेज के आधार पर उनकी पहचान की। घटना के बारे में मृतक भगवत स्वरूप के परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि भगवत स्वरूप की हार्ट अटैक से मौत हुई है या फिर अन्य कोई कारण है।
जांच अधिकारी एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बिसरा जांच के लिए लैब में भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत ही सही वजह के बारे में पता चल सकेगा। मामले की विभिन्न बिंदुओं से छानबीन की जा रही है।