सोसाइटी की 14वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थिति में गिरा छात्र, मौत
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 08:38 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-70 की एक सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरने पर 13 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत हो गई। बच्चा सोसाइटी से करीब चार किलोमीटर अन्य सोसाइटी में रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरु कर दी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी अनुसार, सेक्टर-70 स्थित बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सोसाइटी में रहने वाले अतुल सक्सेना का 13 साल का बेटा आरव सेंट एंजेल स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। करीब चार किलोमीटर दूर ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर उसकी संदिग्ध मौत हो गई। बच्चा सोसाइटी में कैसे पहुंचा इसके बारे में परिवार को नहीं पता लगा। सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने जब तेज आवाज सुनी तो वह घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद बच्चे की पहचान की गई। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या किसी ने बच्चे को धक्का दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्चे के पिता अतुल ने बताया कि ट्यूलिप वायलेट सोसाइटी में ढाई साल पहले तक आरव की मौसी रहती थी और वह पहले उनके पास आता था। फिलहाल उनका परिवार बीपीटीपी एस्ट्रिया में फर्स्ट फ्लोर पर रहता है। आरव किसके साथ वहां, गया इसकी सूचना नहीं है। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि आरव रविवार शाम को 4 बजकर 23 मिनट पर अपनी सोसाइटी से निकला था। इसके बाद 4 बजकर 40 मिनट पर ट्यूलिप सोसाइटी में पहुंचा।
बादशाहपुर थाने के जांच अधिकारी अशोक ने बताया कि परिजनों से भी बातचीत की गई, लेकिन अभी तक मौत के सटीक कारण का पता नहीं चल सका। बच्चे का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। थाना प्रभारी विजयपाल ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट पता चल पाएगा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।