परीक्षा पर चर्चा में हरियाणा से इकलौता विद्यार्थी काव्यांश का हुआ था चयन, PM मोदी से मिलकर सीखे सफलता के मंत्र

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 10:49 AM (IST)

बराड़ा (अनिल कुमार) : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में इस साल देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में हरियाणा राज्य से इकलौते विद्यार्थी के रूप में अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र के गांव पत्रहेड़ी निवासी काव्यांश का चयन हुआ, जिसने न केवल अपने गांव बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।

बारहवीं कक्षा का विद्यार्थी काव्यांश पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहा है और हर कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करता रहा है। परीक्षा पर चर्चा के नौवें संस्करण में उसका चयन होना, उसके लिए गर्व का विषय रहा। कार्यक्रम के दौरान काव्यांश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने और उनसे मार्गदर्शन लेने का अवसर मिला।

काव्यांश ने बताया कि पीएम मोदी से मिलकर उसे बहुत कुछ सीखने को मिला। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों को एक अच्छे गुरु और अभिभावक की तरह समझाते हुए बताया कि किस प्रकार टाइम टेबल बनाकर नियमित और तनाव-मुक्त पढ़ाई की जा सकती है। उन्होंने छात्रों के सवालों के जवाब बेहद सरल और प्रभावी तरीके से दिए, जिससे सभी विद्यार्थी प्रेरित हुए।

काव्यांश ने आगे बताया कि चयन के बाद पहले ही दिन उन्हें पूरी प्रक्रिया समझा दी गई थी कि कार्यक्रम में कैसे भाग लेना है और प्रधानमंत्री से कैसे संवाद करना है। जब वास्तविक मुलाकात हुई तो प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों के प्रश्नों को ध्यान से सुना और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।

हरियाणा से इकलौता विद्यार्थी होने के कारण काव्यांश के चयन से उसके परिजनों और स्कूल प्रशासन में खासा गर्व और खुशी का माहौल है। सभी ने काव्यांश की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static