हमारा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर देखकर हरियाणा को मिली, खेलो इंडिया की मेजबानी- मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2022 - 10:21 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के पंचकूला में आज खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का शानदार आगाज हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इस दौरान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अगले 10 दिनों तक पदक के लिए खिलाड़ियों के दम-खम का गवाह बनेगा। 2,262 लड़कियों सहित 4,700 से अधिक एथलीट 5 स्वदेशी खेलों सहित 25 रोमांचक खेलों में स्वर्ण और गौरव के लिए संघर्ष करेंगे। 

हरियाणा के खिलाड़ी खेलों में दिखाएंगे धाकड प्रदर्शन- मुख्यमंत्री

PunjabKesari

इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर हमारे खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों और प्रदेश में मौजूद मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए ही केंद्र सरकार ने हरियाणा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मेजबानी करने का दायित्व सौंपा है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार का विषेश रूप से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स में हरियाणा के मस्कट का नाम ‘धाकड़’ रखा गया है। जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने पहले भी दिखाया है बेहतरीन प्रदर्शन

उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दिल्ली में आयोजित पहली खेलो इण्डिया प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 102 पदक जीतकर देश में सर्वोच्च स्थान हासिल किया था। खेलो इंडिया-2019 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 178 पदक जीते और 2020 में 200 पदकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्थान भले ही बदलते रहे हों, लेकिन हमारे पदकों की संख्या हर बार बढ़ती रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 5 स्वदेशी खेलों सहित कुल 25 खेलों के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 8500 खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। आज से शुरू होकर 13 जून तक चलने वाले इन खेलों का आयोजन पंचकूला के साथ-साथ अम्बाला, शाहबाद व दिल्ली में भी होगा।

खेल भावना को सर्वोपरि रखें खिलाड़ी - मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने इन खेलों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि खिलाड़ी खेल भावना को सर्वोपरि रखें और मन लगाकर खेलें। खेल में हार-जीत ज्यादा महत्व नहीं रखती, महत्व इस बात का है कि आप कैसा खेले। खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही बहुत महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि वे कामना करते हैं कि खिलाड़ी अपने जीवन में नित नई ऊंचाइयां हासिल कर नए आयाम स्थापित करें। इस प्रतियोगिता से निश्चय ही सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा। सीएम ने कहा कि मुझे विश्वास है कि देश के कोने-कोने से आए खिलाड़ी इस प्रतियोगिता से मीठी और अनमोल यादें साथ लेकर जाएंगे। भविष्य में यही यादें उन्हें फिर से हरियाणा में आने के लिए प्रेरित करेंगी।

खिलाड़ियों के लिए किए गए हैं विशेष प्रबंध

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 3-स्टार होटलों तथा खाने के लिए उच्च गुणवत्ता के पौष्टिक आहार का प्रबंध किया गया है। खिलाड़ियों को होटल से आयोजन स्थल तक लाने-ले जाने के लिए उचित प्रबंध किया गया है। हर पल-हर स्थल की जानकारी देने के लिए साइन बोर्ड, इश्तिहार, गाइड मैप इत्यादि लगाए गए हैं, ताकि खिलाड़ियों और अन्य अधिकारियों - कर्मचारियों को कोई असुविधा न हो।

डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस सहित मेडिकल सुविधा का है प्रबंध

उन्होंने कहा कि खेलों में चोट लगने की सम्भावना बनी रहती है। इस बात को गम्भीरता से लेते हुए प्रत्येक आयोजन स्थल पर डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस सहित मेडिकल सुविधा का प्रबंध किया है। खिलाड़ियों को उपयुक्त खेल किट दी गई है और उनके लिए चेंजिंग रूम इत्यादि का भी प्रबंध किया गया है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static