रेवाड़ी में होटल संचालक की कार पर फायरिंग से मचा हड़कंप, जानलेवा हमले का आरोप; चार के खिलाफ केस दर्ज

punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 06:46 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले में एनएच-11 पर स्थित एक होटल संचालक ने उसकी कार पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के चलते हमला करवाए जाने की आशंका जताते हुए सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, धामलावास के पास एनएच-11 स्थित एनटीआर होटल के संचालक दीपक यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे उनकी बलेनो कार होटल के बाहर खड़ी थी। वह कुछ देर बाद कार लेकर जाने वाले थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कार पर गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर दीपक यादव, होटल स्टाफ और अन्य लोग बाहर पहुंचे। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में एक व्यक्ति होटल के सामने सर्विस रोड पर खड़ा दिखाई देता है, जो कुछ देर बाद होटल के बाहर खड़ी बलेनो कार पर फायरिंग कर मौके से फरार हो जाता है।

PunjabKesari

शिकायत के अनुसार बाहर आने पर एक युवक दिखाई दिया, जिसने सफेद कपड़े पहन रखे थे और अपना चेहरा ढका हुआ था। उसके हाथ में हथियार था। जब होटल स्टाफ और अन्य लोग उसकी ओर बढ़े तो वह सड़क पार कर भाग निकला। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके साथ अन्य युवक भी मौजूद थे। दीपक यादव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर कुछ लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने अमन धामलावास सहित अन्य व्यक्तियों पर संदेह जताते हुए कहा कि पहले भी होटल गिराने और जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उनका आरोप है कि उन्हें डराकर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में हवाई फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static