पानीपत पुलिस के लिए सिरदर्द बना शातिर चोर साथी सहित काबू, दोनों ने दर्जनों घरों को बनाया था निशाना...
punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 06:34 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा): जिले में लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना शातिर चोर सन्नी गंगोहिया आखिरकार गिरफ्त में आ गया है। पुलिस ने उसके साथी दिलशाद के साथ मिलकर उसे काबू किया है। दोनों आरोपियों ने मिलकर 15 से अधिक घरों में चोरी करने की बात कबूली है, जिससे एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है।
CIA -2 टीम द्वारा की गई इस गिरफ्तारी को पानीपत पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। ये दोनों आरोपी पानीपत के ही रहने वाले हैं। दोनों दिन में सूने घरों की रैकी करते और रात को उन घरों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते थे।
दोनों के खिलाफ पहले भी मामले कई दर्ज
सन्नी गंगोहिया पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ अब तक 22 वारदातों के मामले दर्ज हैं, वहीं उसके साथी दिलशाद पर 6 मामले दर्ज हैं।
आरोपियों से कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद : DSP
DSP सतीश कुमार ने बताया कि जुलाई माह से जिले में चोरी की घटनाओं में अचानक इजाफा देखा गया था। इस पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।