PM Modi In Yamunanagar: 'यमुनानगर के साथ जुड़ी हुई हैं मेरी कई पुरानी यादें', संबोधन में बोले पीएम मोदी
punjabkesari.in Monday, Apr 14, 2025 - 02:19 PM (IST)

डेस्कः हिसार में एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी यमुनानगर पहुंच गए हैं। यहां वह 800 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट और कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का शिलान्यास किया। साथ ही 1070 करोड़ से बने रेवाड़ी बाइपास का उद्घाटन किया। इससे दिल्ली से नारनौल तक का सफर एक घंटे कम हो जाएगा। यहां भी वह जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और अनिल विज भी मौजूद हैं।
स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदीः खट्टर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज सबसे पहले संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को नमन करता हूं। आज प्रधानमंत्री हमारे बीच में हरियाणा पधारे हैं। इस कार्यक्रम से पहले हिसार में हिसार एयरपोर्ट भवन का उद्घाटन किया। इसके लिए आपका आभार प्रकट करता हूं। आज यमुनानगर में ऊर्जा विभाग के 800 मेगावाट थर्मल प्लांट का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा एक स्वच्छ ऊर्जा प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन करेंगे।
मैं आपका स्वागत करना चाहता हूं। आपकी सरकार में मुझे केंद्रीय कैबिनेट में स्थान दिया। इसके साथ ही हरियाणा की धरती को मैं नमन करता हूं, जहां मैंने 10 साल इस धरती की सेवा की है। इस नाते से मैं आपका स्वागत करता हूं।
यमुनानगर बहुत महत्वपूर्ण है। यह यमुना नदी की गोद में बसा हुआ है। मेरे जीवन के छह साल यहां बीते हैं। इस कारण से भी मुझे यहां से बहुत लगाव है। आपने भी यहां की सेवा की है। हरियाणा आपकी भी कर्मभूमि रही है। हरियाणा में आपके 13 सरकारी और 11 चुनावी दौरे हुए हैं। यह दर्शाता है कि आप हरियाणा से कितना प्यार करते हैं।
ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए यहां यमुनानगर में थर्मल प्लांट लगाया जा रहा है। हमारी सरकार का 2047 का लक्ष्य है, इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए आप लगातार प्रयास कर रहे हैं। दुनियाभर के देशों को अगर देखें तो हमारे देश में तीसरे पर सबसे ज्यादा ऊर्जा का उत्पादन होता है।
हरियाणा की सरकार भी लगातार ऊर्जा के क्षेत्र में काम कर रही है। यहां की सरकार ने तीन और बड़े प्लांट लगाने की मांग रखी है। 2023-24 के केंद्रीय बजट में छछरौली में एक और प्लांट लगाने का प्रावधान किया है। इस प्लांट के जरिए कूड़े का उपयोग होगा। इसमें गाय के गोबर का भी उपयोग किया जाएगा, इससे स्वच्छ ऊर्जा के रूप में काम किया जाएगा।
हरियाणा में अब तीन गुनी गति से विकास हो रहाः नायब सैनी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज मुझे गर्व है कि मां सरस्वती की गोद यमुनानगर में प्रधानमंत्री जी आए हैं। इसके लिए मैं पूरे हरियाणा की तरफ से राम-राम भी कहता हूं। मैं आप सबका भी हार्दिक स्वागत करता हूं। आप सब इतनी संख्या में आए हैं, इसके लिए आपका धन्यवाद करता हूं।
आज हम सब हरियाणा के लोगों के लिए बहुत शुभ दिन है। आज बाबा साहेब की 135वीं जयंती है। आपके हाथों से यहां 800 मेगावाट यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। मैं हरियाणा सरकार की तरफ से आपका धन्यवाद करता हूं। आपने कुछ घंटे पहले ही हिसार में हरियाणा के पहले एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल का शुभारंभ किया। यहां से श्रीराम के दरबार के लिए पहली उड़ान का शुभारंभ किया। आपके आगमन से आज यहां के युवाओं में नया उत्साह आया है। हरियाणा ने पिछले दस सालों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। हम इस आधुनिक युग में भी अपनी परंपरा के दायरे में रहकर हरियाणा का विकास कर रहे हैं।
सैनी ने कहा कि हरियाणा आपके नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार में चल रहा था, लेकिन अब हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार बन चुकी है। हरियाणा में अब तीन गुनी गति से विकास हो रहा है। आज हरियाणा का ऐसा कोई जिला नहीं है, जहां से कोई नेशनल हाईवे न गुजरता हो। हर गांव जिला मुख्यालय से जुड़ चुका है। इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं।
हरियाणा के मेरे भाई-बहनों को मोदी की राम-रामः पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के मेरे भाई-बहनों को मोदी की राम-राम साथियों, आज मैं उस धरती को प्रणाम करता हूं, जहां मां सरस्वती का उद्गम हुआ। जहां से मंत्रा देवी विराजती हैं। जहां पंचमुखी हनुमान जी हैं। जहां कपाल मोचन साहिब का आशीर्वाद है। जहां संस्कृति, श्रद्धा, समर्पण की त्रिवेणी बहती है। आज बाबा साहेब अंबेडकर जी की 135वीं जयंती भी है। मैं सभी देशवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। बाबा साहेब का विजन, उनकी प्रेरणा, निरंतर विकसित भारत की यात्रा में हमें दिशा दिखा रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि साथियों, यमुनानगर सिर्फ एक शहर नहीं है, यह भारत के औद्योगिक नक्शे का अहम हिस्सा है। प्लाईवुड से लेकर पीतल और स्टील का यह पूरा क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। कपाल मोचन मेला, वेद व्यास की तपोभूमि, और गुरु गोविंद सिंह की एक प्रकार से शस्त्र भूमि। साथियों, यह अपने आप में एक गरिमा बढ़ाने वाली बात है। यमुनानगर के साथ तो मेरी कई पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। जब मैं हरियाणा का प्रभारी था, तो पंचकूला से यहां आना-जाना लगा रहता था। यहां काफी पुराने कार्यकर्ताओं के साथ काम किया।
मोदी ने कहा कि हमारी यह परंपरा आज भी चल रही है। हरियाणा लगातार तीसरी बार डबल इंजन की सरकार की रफ्तार देख रहा है। अब तो सैनी जी कह रहे हैं कि अब यहां ट्रिपल इंजन की सरकार है। हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए, यहां के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए हम ज्यादा गति से, ज्यादा बड़े स्केल पर काम करते रहते हैं। आज यहां शुरू हुई विकास परियोजनाएं भी इसी का उदाहरण हैं। मैं हरियाणा के लोगों को इन विकास परियोजनाओं के लिए बधाई देता हूं।
साथियों, मुझे गर्व है कि हमारी सरकार बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाते हुए चल रही है। बाबा साहेब ने उद्योगों के विकास को सामाजिक न्याय का मार्ग बताया था। बाबा साहेब ने भारत में छोटी जोतों की समस्या को पहचाना था। वे कहते थे कि दलितों के पास खेती के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसलिए दलितों को उद्योगों से फायदा होगा।
हरियाणा में देश का आधा प्लाईवुड बनता हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार भारत में मैन्युफैक्चरिंग पर इतना बल दे रही है, इस साल के बजट में इसको लेकर हमने घोषणा भी की है। इसका मतलब है कि देश के पिछड़े लोगों और युवाओं को अधिक से अधिक फायदा मिले। एमएसएमई सेक्टर में भी इस पर काम होगा। हमारे उत्पाद दुनिया में सबसे बेहतरीन हों, इस पर हम काम कर रहे हैं।
इसके लिए ऊर्जा बहुत जरूरी है, हमें बिजली पर भी आत्मनिर्भर होना ही होगा। इसके लिए यहां तीसरी इकाई का शुभारंभ हुआ है। इसका फायदा यहां के लोगों को होगा। भारत में जितना औद्योगिक विकास, जैसे प्लाईवुड बनता है, उसका आधा तो हरियाणा में ही बनता है। यहीं से पेट्रोकेमिकल प्लांट के उपकरण दुनिया के कई देशों में भेजे जाते हैं। ऊर्जा के क्षेत्र में बढ़ावा होने से उद्योगों को खूब फायदा होगा।
कांग्रेस सरकार में ब्लैकआउट होते थेः पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार बिजली को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। 2014 से पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, वे दिन भी देखे हैं, जब पूरे देश में ब्लैकआउट होते थे। कांग्रेस की सरकार यदि रहती तो देश को आज भी ऐसे ही ब्लैकआउट से गुजरना पड़ता। न कारखाने चल पाते, न रेल चल पाती, न खेतों में पानी पहुंचता। यानी कांग्रेस की सरकार रहती तो ऐसे ही संकट बना रहता।
आज हालात बदल रहे हैं, बीते 10 सालों में भारत ने बिजली उत्पादन की क्षमता को करीब दो गुना किया है। आज भारत अपनी जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ पड़ोसी देशों को बिजली निर्यात भी करता है। आज हरियाणा में 16 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन होता है। आने वाले समय में 24 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य लेकर काम कर रहे हैं। हम थर्मल के साथ ही देश के लोगों को पावर जनरेशन का विकल्प दे रहे हैं।
हमने पीएम सूर्य घर बिजली योजना शुरू की है। आप अपने घरों में सोलर पैनल लगाकर बिजली का बिल शून्य कर सकते हैं, जो अतिरिक्त बिजली होगी उसे बेचकर कमाई भी कर सकते हैं। मुझे खुशी है कि हरियाणा के लाखों लोगों ने इसके लिए आवेदन किया है। जैसे-जैसे इस योजना का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे इको-फ्रेंडली विकास भी हो रहा है।
छोटे-छोटे शहरों में छोटे उद्योगों को पर्याप्त बिजली देने के साथ ही सरकार इस पर ध्यान दे रही है कि उनके पास पर्याप्त पूंजी रहे। कोरोना काल में एमएसएमई सेक्टर को बचाने के लिए सरकार ने लाखों-करोड़ों रुपए की मदद की है। अब छोटे उद्योगों को यह डर नहीं सताता कि जैसे ही वे आगे बढ़ेंगे, सरकार उनकी मदद छीन लेगी। अब ऐसे उद्योगों को सरकार क्रेडिट गारंटी की सुविधा देने जा रही है।
हरियाणा सरकार ने आबियाना कानून खत्म कियाः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना में पिछले 10 साल में देश के सामान्य लोग, जो पहली बार उद्योग के क्षेत्र में आ रहे हैं, उनको बिना गारंटी 33 लाख करोड़ रुपये लोन के रूप में दिए जा चुके हैं। इस योजना के 50% से भी ज्यादा लाभार्थी एसएसी, एसटी, ओबीसी के हैं। ये छोटे उद्योग हमारे नौजवानों के बड़े सपनों को पूरा करें। हमारे हरियाणा के किसानों की मेहनत हर भारतीय की थाली में नजर आती है। हमारा प्रयास है कि हरियाणा के किसानों का समर्थन बढ़े। हरियाणा की सरकार राज्य की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदती है। हरियाणा के लाखों किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ भी मिला है। करीब 9,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के क्लेम भी किसानों को दिए गए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 6,500 करोड़ रुपये किसानों को दिए गए हैं। हरियाणा सरकार ने अंग्रेजों के जमाने का आबियाना कानून भी खत्म कर दिया है। अब किसानों को नहर के पानी पर टैक्स नहीं देना पड़ेगा। इसके अलावा 130 करोड़ रुपए के आबियाना को भी राज्य सरकार ने माफ कर दिया है।
शंकरन ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के खिलाफ आवाज उठाईः पीएम
PM मोदी ने कहा कि मैं एक और विषय पर भी चर्चा करना चाहता हूं। कल देश ने बैसाखी का पर्व मनाया। कल ही जलियांवाला बाग हत्याकांड हुआ था। यह पहलू मानवता के साथ देश के साथ खड़े होने के जज्बे का है। इस जज्बे का नाम शंकरन नायर है। इनका नाम सुना नहीं होगा, लेकिन इस नाम की चर्चा खूब हो रही है। उस जमाने में वे अंग्रेजी सरकार में बहुत बड़े पद पर विराजमान थे।
वे सत्ता के साथ रहने का सुख-चैन, सब कुछ कमा सकते थे, लेकिन उन्होंने विदेशी शासन के विरुद्ध जलियांवाला बाग हत्याकांड के विरोध में आवाज उठाई। उन्होंने पद छोड़ दिया। केरल के थे, लेकिन घटना पंजाब में घटी थी। उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड को लेकर लड़ने का फैसला किया। वे अपने दम पर लड़े और अंग्रेजी साम्राज्य को हिलाकर रख दिया।
शंकरन नायर ने हत्याकांड के लिए अंग्रेजों को कोर्ट में खड़ा करा दिया। यह एक 'भारत श्रेष्ठ भारत' का बहुत अच्छा उदाहरण है। कैसे दूर दक्षिण में केरल का एक व्यक्ति पंजाब में हुए हत्याकांड के लिए अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ खड़ा हो गया। यही प्रेरणा हमारी विकसित भारत की यात्रा में बहुत बड़ी ताकत है। हमें केरल के शंकरन नायर के बारे में जरूर जानना चाहिए।
गरीब, किसान, नौजवान और नारी शक्ति - इन चारों स्तंभों को सशक्त करने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। हम सबके प्रयास से हरियाणा जरूर विकसित होगा। मैं अपनी आंखों से देख रहा हूं कि हरियाणा जरूर फलेगा-फूलेगा।
हिमाचल में काम ठप, कर्नाटक में महंगाईः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा की गाड़ी अब विकास के पथ पर दौड़ रही है। यहां आने से पहले हिसार में लोगों के बीच जाने का अवसर मिला। वहां से अयोध्या धाम के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की है। रेवाड़ी के लोगों को जाम से मुक्ति मिली है। यह चार लेन का बाइपास गाड़ियों को आसानी से शहर से बाहर निकालेगा। दिल्ली से नारनौल के लिए लगने वाले समय में एक घंटे की कमी आएगी।
कांग्रेस शासित राज्यों में जनता के साथ विश्वासघात हो रहा है। पड़ोस में देखिए, हिमाचल में सारे काम ठप पड़े हैं। कर्नाटक में देखिए, हर चीज महंगी हो रही है। मैं सोशल मीडिया पर देख रहा था कि कर्नाटक में जो कांग्रेस सरकार ने टैक्स लगाए हैं, उनकी सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब आलोचना की है।
खुद वहां के मुख्यमंत्री के करीबी कहते हैं कि कांग्रेस ने कर्नाटक को करप्शन में नंबर वन बना दिया है। तेलंगाना में भी कांग्रेस की सरकार जंगलों पर बुलडोजर चला रही है। यही है कांग्रेस की कार्यशैली। हम यहां कचरे से गोबर धन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एक तरफ कांग्रेस का मॉडल है जो पूरी तरह से फेल साबित हो रहा है, दूसरी तरफ भाजपा का मॉडल है, जो सत्य पर चल रहा है। सपना है देश को विकसित भारत बनाने का। यमुनानगर भी इसी तर्ज पर आगे बढ़ रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)