पुलिस का बुलडोजर एक्शन- कुख्यात बदमाश का मकान ध्वस्त
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 04:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): अपराधियों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने के लिए गुड़गांव पुलिस का आज एक बार फिर बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। आज फर्रूखनगर के गांव रामपुरा में पुलिस ने एक कुख्यात बदमाश का दो मंजिला मकान ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी पुलिसबल मौजूद रहा। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप के मुताबिक, जिस बदमाश की संपत्ति को ध्वस्त किया गया है उस पर हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई अन्य संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आज सुबह पुलिस का एक दल दो जेसीबी लेकर गांव रामपुरा पहुंच गया। यहां बदमाश कृष्ण कुमार द्वारा बनाए गए दो मंजिला पक्के मकान पर यह कार्रवाई करते हुए मकान को जमींदोज कर दिया। पुलिस ने साफ कर दिया कि अपराध की दुनिया में रहकर कमाए हुए धन से बनाई गई संपत्ति को भी पूरी तरह से मिट्टी में मिला दिया जाएगा ताकि अपराधियों की आर्थिक रूप से भी कमर तोड़ी जा सके।
आपको बता दें कि इससे पहले गुड़गांव पुलिस द्वारा कई बार कार्रवाई तो की गई है, लेकिन ज्यादातर कार्रवाई के दौरान अपराधियों द्वारा सरकारी जमीनों पर किए गए कब्जों को मुक्त कराया गया। इसमें गैंगस्टर कौशल चौधरी, सुनील कुमार उर्फ तोता जैसे अपराधियों पर भी कार्रवाई किया जाना शामिल है।