वांछित गौ तस्कर और ATM चोर आडवाणी मुठभेड़ में ढेर, दो साथी फरार

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 02:09 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना इलाके में आज सुबह बदमाशों और अपराध शाखा नूंह के बीच उस वक्त मुठभेड़ हो गई जब तीन बदमाश थार गाड़ी से गाय तस्करी कर रहे थे। इस मुठभेड़ में वांछित गौ तस्कर एवं एटीएम चोर शाहिद उर्फ आडवाणी की मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार दो बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना सहित पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भेज दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने तस्करी के लिए ले जाई जा रही दो गाय को जांच के उपरांत गौशाला भेज दिया।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, नूंह अपराध शाखा को आज सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि वांछित गौ तस्कर एवं एटीएम मशीन लूटने वाला अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी अपने साथियों के साथ गौ तस्करी के लिए जाएगा। सुबह जब थार गाड़ी में दो गाय लेकर अपने दो साथियों के साथ जब आडवाणी निकला तो अपराध शाखा नूंह की टीम उसके पीछे लग गई। सोहना के गांव भिवारटी से सिलानी रोड पर गुड़गांव नूंह बॉर्डर एरिया में पुलिस ने जब थार गाड़ी को घेर लिया तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की एक गोली साजिद उर्फ आडवाणी को लगी जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ी में सवार दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। 

 

घटना की सूचना मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस सहित फॉरेंसिक व सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि इन अपराधियों के पास फरीदाबाद नंबर की थार गाड़ी थी जिसकी डिग्गी में दो गाय भरी हुई थी। पशु चिकित्क को मौके पर बुलाकर गाय को मुक्त करा गौशाला भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आडवाणी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

आपको बता दें साल 2017 में एटीएम मशीन चोरी करने का गिरोह सक्रिय था। इस गिरोह को गुड़गांव अपराध शाखा ने धर दबोचा था। साल 2018 में अपराध शाखा बिलासपुर ने आडवाणी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उस पर करीब 30 मुकदमें दर्ज थे। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल मेंं भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब अपराध शाखा ने उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया तो अपराधा शाखा के चंगुल से वह भाग निकला और फरार हो गया था। इस मामले में अपराध शाखा के प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी थी। इसके बाद से ही आडवाणी वांछित चल रहा था। आज सुबह मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static