जांच कराने जा रही गर्भवती महिला को कार ने मारी टक्कर, पेट में बच्ची की मौत, महिला ने भी दम तोड़ा
punjabkesari.in Friday, Aug 18, 2023 - 10:51 AM (IST)

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 11 बजे एक सड़क हादसे में लगभग सात माह की महिला और पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला ममता हांसी सिविल अस्पताल में जांच कराने आई थी। उसके साथ पति रवि और तीन साल का पुत्र भी आया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रात को घर लौटने के लिये महिला अपने पुत्र के साथ पति के मोटरसाइकिल पर बैठी ही थी कि तभी एक तेज रफ्तार कार ने इन्हें टक्कर मार दी जिसमें तीनों गम्भीर रूप से घायल हो गये।
आसपास के लोगों ने तीनों को वापस अस्पताल पहुंचाया। ममता की गम्भीर हालत को देखते हुये डॉक्टरों ने उसे हिसार रैफर कर दिया। इस हादसे में ममता के पेट में ही बच्चे की मौत हो गई। बाद में ममता ने भी दम तोड़ दिया। वहीं ममता के पति को पैर में तथा तीन साल के बेटे को सिर में गम्भीर चोटें आई हैं तथा इनका हिसार के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे कार सवार लोगों में से चालक को मौके पर दबोच लिया गया, जबकि बाकी भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार सवार लोगों ने शराब पी रखी थी। पुलिस ने ममता के ससुर की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक और अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।