बाथरूम की पाइपलाइन के सहारे अस्पताल से फरार हुआ कैदी, पुलिस ने गुरूद्वारे से किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Sep 05, 2022 - 09:59 PM (IST)

अंबाला(अमन): पुलिस ने अंबाला सिविल अस्पताल से फरार हुए उपचारधीन बंदी को गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन से हॉस्पिटल में भर्ती बंदी पुलिस को चकमा देकर बीती रात फरार हो गया था। उपचारधीन बंदी ने पुलिसकर्मी को शौचालय जाने के लिए कहा और काफी देर तक बंदी शौचालय से बाहर नहीं निकला। इस दौरान पुलिस कर्मचारी ने शौचालय में जाकर देखा तो बंदी वहां नहीं मिला। शौचालय के नजदीक एक पाइप लाइन में बंदी की चप्पल दिखाई दी। जिसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने पूरा हॉस्पिटल छान मारा, लेकिन बंदी तब तक फरार हो चुका था। सोमवार को बंदी की तलाशी के लिए पुलिस ने कई जगह छापेमारी की और उसे अंबाला से ही धर लिया गया।
बाथरूम जाने का बहाना लेकर पुलिस को दिया था चकमा
जानकारी के अनुसार प्रिंस नामक युवक चोरी के आरोप में काफी दिनों से जेल में बंद है। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। आरोपी बंदी रविवार रात पुलिस कर्मचारियों को चकमा देकर टॉयलेट के नजदीक बनी पाइप लाइन से फरार हो गया। एसएचओ गौरव कुमार ने बताया कि प्रिंस नामक बंदी टॉयलेट का बहाना बनाकर अस्पताल से फरार हो गया था। गौरव कुमार ने बताया कि बंदी पर रेलवे एक्ट के तहत अरेस्ट किया गया था। वहीं पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करते हुए बंदी प्रिंस को अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे से दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़ा गया तो बोला, घर वाले कभी नहीं करवाएंगे जमानत
पुलिस द्वारा पकड़े गए बंदी प्रिंस ने बताया कि उसे पता है कि उसके घर वाले कभी उसकी जमानत नहीं करवाएंगे। इसलिए उसने अस्पताल से भागने का फैसला लिया था। वहां से भागने के बाद वह मंजी साहिब गुरूद्वारे में इसलिए छिपा था, क्योंकि उसे लगा था कि पुलिस उसे ढूंढने के लिए यहां नहीं आएगी। उसने बताया कि वह टॉयलेट में लगी पाइप के सहारे अस्पताल से बाहर भागा था।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)